Dainik Savera Times

इंडियन नेवी की बड़ी कामयाबी, हिंद महासागर में 2500 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया

नेशनल डेस्क: भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस तरकश ने बुधवारो को एक बड़ी सफलता हासिल की। पश्चिमी हिंद महासागर में एक ऑपरेशन के दौरान 2500 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थों को जब्त किया। यह कार्रवाई भारतीय नौसेना की प्रतिबद्धता को दिखाती है, जो समुद्री अपराधों से निपटने और क्षेत्रीय सुरक्षा को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

आईएनएस तरकश, जो पश्चिमी नौसेना कमान के तहत एक प्रमुख फ्रंटलाइन फ्रिगेट के रूप में कार्य कर रहा है, जनवरी 2025 से पश्चिमी हिंद महासागर में समुद्री सुरक्षा अभियानों में तैनात है। यह जहाज संयुक्त टास्क फोर्स (सीटीएफ) 150 का हिस्सा है, जो बहरीन में स्थित संयुक्त समुद्री बलों (सीएमएफ) द्वारा संचालित है।

 

इंडियन नेवी का बयान 
भारतीय नौसेना ने बताया कि 31 मार्च को गश्त के दौरान आईएनएस तरकश को भारतीय नौसेना के पी8आई विमान से क्षेत्र में संचालित संदिग्ध जहाजों के बारे में जानकारी मिली। यह जहाज मादक पदार्थों की तस्करी सहित अवैध गतिविधियों में संलिप्त हो सकते थे। इसके बाद, आईएनएस तरकश ने संदिग्ध जहाजों का पीछा किया और उन्हें रोकने के लिए अपना रास्ता बदल लिया।

2500 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद 
संदिग्ध जहाजों से पूछताछ के बाद, आईएनएस तरकश ने एक संदिग्ध नाव को रोका और उसकी तलाशी ली। साथ ही, उसने अपने हेलीकॉप्टर को भी भेजा, जिससे संदिग्ध जहाज की गतिविधियों की निगरानी की जा सकी। इसके बाद, मरीन कमांडो और एक विशेषज्ञ बोर्डिंग टीम ने संदिग्ध जहाज पर चढ़कर गहन तलाशी ली। इस दौरान, 2500 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ, जिनमें 2386 किलोग्राम हशीश और 121 किलोग्राम हेरोइन शामिल थे, बरामद किए गए। ये मादक पदार्थ जहाज के विभिन्न कार्गो होल्ड और डिब्बों में छिपाए गए थे।

भारतीय नौसेना की क्षमता प्रमाण 
भारतीय नौसेना के अनुसार, इस जब्ती से समुद्र में मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में भारतीय नौसेना की क्षमता और व्यावसायिकता का प्रमाण मिलता है। इसके अलावा, यह बहुराष्ट्रीय अभ्यासों में भारतीय नौसेना की सक्रिय भागीदारी को भी दिखाता है, जो हिंद महासागर क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय जल की सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देने में मदद करता है।

Exit mobile version