Site icon Dainik Savera Times

‘महायुति के 90% विधायक धांधली करके जीते’, संजय राउत ने वोट चोरी के दावों का समर्थन किया

नेशनल डेस्क: शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने शनिवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर लगाए गए “वोट चोरी” के आरोपों का समर्थन किया। राउत ने दावा किया कि महाराष्ट्र में महायुति (भाजपा और सहयोगी दलों का गठबंधन) के 90 प्रतिशत विधायक वोट चोरी के कारण चुनाव जीतकर सत्ता में आए हैं।

संजय राउत का यह बयान राहुल गांधी के आरोपों के बाद आया है। राहुल गांधी ने हाल ही में कर्नाटक के अलंद विधानसभा क्षेत्र में करीब 6,000 वोटों की “वोट चोरी” का आरोप लगाया था। उन्होंने यह भी कहा था कि भारत में कुछ खास लोग चुनाव आयोग का गलत इस्तेमाल करके विपक्षी दलों के समर्थकों, खासकर दलित, ओबीसी, आदिवासी और अल्पसंख्यक समुदायों के वोट काटने की साजिश कर रहे हैं। राहुल गांधी का कहना था कि उन्होंने इसके खिलाफ पर्याप्त सबूत इकट्ठा किए हैं।

महायुति के विधायक वोट चोरी करके विधायक बने

संजय राउत ने इस पूरी घटना को महाराष्ट्र के संदर्भ में भी फैलाया और कहा कि महाराष्ट्र में भी महायुति के विधायक इसी तरह से वोट चोरी करके चुनाव जीतकर विधायक बने हैं। उन्होंने एकनाथ शिंदे, अजित पवार और भाजपा के अन्य नेताओं पर आरोप लगाया कि ये लोग या तो वोट चोरी करके या चुनावी हेराफेरी के जरिए सत्ता में आए हैं।

राहुल गांधी ने लगाए गंभीर आरोप 

इससे पहले राहुल गांधी ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि चुनाव आयोग में कुछ लोग जानबूझकर उन लोगों को बचा रहे हैं जिन्होंने लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा, “वोटों को जोड़ने और हटाने का तरीका हम आपको दिखाएंगे। यह एक व्यवस्थित साजिश है, खासकर उन लोगों के खिलाफ जो विपक्षी दलों को वोट देते हैं।”

6,018 वोटों को गलत तरीके से हटाया गया 

कर्नाटक के अलंद क्षेत्र में हुई धोखाधड़ी का उदाहरण देते हुए राहुल गांधी ने बताया कि वहां पर 6,018 वोटों को गलत तरीके से हटा दिया गया था। यह वोट चोरी एक बूथ लेवल अधिकारी द्वारा पकड़ी गई, जो जब अपने परिवार के वोट की जांच कर रहा था, तो उसे पता चला कि उसके चाचा का वोट हटा दिया गया था। इसके बाद जाँच में पाया गया कि यह धोखाधड़ी कुछ और वोटरों के साथ भी की गई थी।

Exit mobile version