नई दिल्ली: दिल्ली से पुणे के लिए रवाना हुए एअर इंडिया के विमान से शुक्रवार को एक पक्षी के टकरा जाने के बाद एयरलाइन को इसकी वापसी की यात्रा रद्द करनी पड़ी। एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि विमान पुणे में सुरक्षित उतर गया और उसके बाद ही पक्षी के टकराने की बात पता चली।
इंजीनियरिंग टीम विस्तृत जांच कर रही
एअर इंडिया ने कहा कि विमान को खड़ा कर दिया गया है और इंजीनियरिंग टीम विस्तृत जांच कर रही है। उसने कहा, ‘‘20 जून को पुणे से दिल्ली की उड़ान संख्या एआई2470 को पक्षी के टकराने के कारण रद्द कर दिया गया है। आने वाली उड़ान के पुणे में सुरक्षित उतरने के बाद पक्षी के टकराने का पता चला।’’
एयरलाइन ने कहा कि वह यात्रियों को ठहराने की सुविधा प्रदान करने समेत समस्त इंतजाम कर रही है। एअर इंडिया ने कहा कि रद्दीकरण या पुनर्निर्धारण पर यात्रियों को राशि वापस करने की पेशकश भी की जा रही है, वहीं यात्रियों को दिल्ली ले जाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।
एयर इंडिया ने आठ प्लाइट रद्द कीं
इससे पहले एअर इंडिया ने रखरखाव और परिचालन संबंधी कारणों से चार अंतरराष्ट्रीय उड़ानों सहित आठ उड़ान शुक्रवार को रद्द कर दीं। एयर इंडिया ने कहा कि यात्रियों को जल्द से जल्द उनके गंतव्य स्थल तक पहुंचाने के लिए उसकी टीम वैकल्पिक व्यवस्था कर रही हैं। विमानन कंपनी ने कहा कि उसने यात्रियों को टिकट रद्द कराने पर पूरा पैसा लौटाने या पूरक व्यवस्था की पेशकश भी की है।

