Site icon Dainik Savera Times

‘एक दिन ऐसा आएगा जब बंगाल में भाजपा का एक भी विधायक नहीं बचेगा’, ममता बनर्जी का BJP पर हमला

नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर ज़ोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा बंगालियों और बंगाली भाषा के खिलाफ काम कर रही है, और इसलिए एक दिन ऐसा आएगा जब भाजपा का बंगाल में एक भी विधायक नहीं बचेगा।

ममता बनर्जी ने कहा, “भाजपा बंगालियों के खिलाफ भाषाई आतंक फैला रही है। ऐसी पार्टी कभी भी बंगाल नहीं जीत सकती। जनता खुद भाजपा को हराएगी।” उन्होंने भाजपा को “वोट चोर” और “भ्रष्ट” पार्टी बताते हुए कहा कि यह पार्टी केवल सत्ता का दुरुपयोग करना जानती है।

भाषा को लेकर विधानसभा में हंगामा

तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने विधानसभा में नियम 169 के तहत एक प्रस्ताव पेश किया, जिसमें देश भर में बंगाली भाषी लोगों के साथ हो रही घटनाओं की निंदा की गई। इस दौरान भाजपा नेताओं ने विरोध किया, जिसके चलते पार्टी के दो नेता शुभेंदु अधिकारी और अग्निमित्रा पॉल को सदन से निलंबित कर दिया गया।

भाषा आंदोलन स्थल पर कार्रवाई पर भी उठाए सवाल

TMC ने आरोप लगाया कि कोलकाता के मेयो रोड पर “भाषा आंदोलन विरोध स्थल” को तोड़ा गया, जबकि इसके लिए पहले से अनुमति और शुल्क दिया गया था। ममता बनर्जी ने इसे भाजपा की साजिश बताते हुए कहा कि “यह पूरी तरह से अनैतिक, असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक है। भाजपा सेना का इस्तेमाल अपने राजनीतिक फायदे के लिए करना चाहती है।”

भाजपा शासित राज्यों में बंगालियों पर अत्याचार का आरोप

TMC ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में बंगाली भाषी प्रवासी मज़दूरों पर अत्याचार किए जा रहे हैं। इस मुद्दे पर पार्टी ने विरोध प्रदर्शन भी किया है। यह बयान ऐसे समय में आया है जब पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ममता बनर्जी भाजपा को चुनौती देते हुए लगातार राज्य में बंगालियत और भाषा की राजनीति को केंद्र में ला रही हैं।

Exit mobile version