Last Updated: November 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

गायक शान की रेजिडेंशियल बिल्डिंग में 7वीं मंजिल पर लगी भीषण आग, मौके पर फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां

December 24, 2024

गायक शान की रेजिडेंशियल बिल्डिंग में 7वीं मंजिल पर लगी भीषण आग, मौके पर फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां

Mumbai Fire: मुंबई के बांद्रा के पश्चिम इलाके में स्थित फॉर्च्यून एन्क्लेव नाम की रेजिडेंशियल बिल्डिंग की 7वीं मंजिल पर सोमवार देर रात आग लग गई। इस बिल्डिंग में ही गायक शान का फ्लैट भी है।

मौके पर पहुंचे दमकल विभाग के कर्मचारी

आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। अब तक 14 लोगों को बचाया जा चुका है। आग लगने से 80 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। इसके बाद उसे पास में स्थित बाबा अस्पताल में भर्ती कराया गया। बुजुर्ग महिला अभी अस्पताल में उपचाराधीन है।

दमकल विभाग के मुताबिक, रात 12: 45 मिनट पर उन्हें आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने राहत एवं बचाव कार्य के तहत पूरी बिल्डिंग को खाली करवा दिया।

उसी बिल्डिंग में रहते हैं मशहूर गायक शान

जिस बिल्डिंग में आग लगी है, उसी बिल्डिंग में मशहूर गायक शान भी रहते हैं। लेकिन, राहत की बात है कि घटना में और उनके परिवार को किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचा है। आग लगने के समय शान अपने परिवार के साथ फ्लैट में ही मौजूद थे।

मामले की जांच कर रही पुलिस

दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग लगने का प्रमुख कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसके बाद ही आगे की तस्वीर साफ हो पाएगी। पुलिस ने बताया कि वो इस घटना की हर पहलू से जांच करेगी।

बता दें कि इससे पहले 16 अक्टूबर को मुंबई के अंधेरी पश्चिम में लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स के एक फ्लैट में भीषण आग लग गई। इस घटना में बुजुर्ग दंपति समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी। बीएमसी आपदा नियंत्रण ने बताया था कि सुबह करीब आठ बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इसके तुरंत बाद अग्निशमन कर्मी और अन्य बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गए थे।

लोखंडवाला में सीआर नंबर 4 स्थित 14 मंजिला इमारत रिया पैलेस की 10वीं मंजिल के फ्लैट में आग लगी थी। वहां से बहुत धुआं निकल रहा था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें