Site icon Dainik Savera Times

AAP-भाजपा का दिल्ली में प्रदर्शन, चंडीगढ़ में हुए मेयर पद के चुनाव को लेकर ‘आप’ करेगी भाजपा मुख्यालय पर विरोध

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदर्शन के मद्देनजर मध्य दिल्ली में शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है और जगह-जगह अवरोधक लगाए जाने के साथ ही अतिरिक्त पुलिसबल तैनात किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ में हुए महापौर पद के चुनाव में कथित धोखाधड़ी को लेकर भाजपा मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करेगी, वहीं भाजपा ने कहा है कि उसके सदस्य अरविंद केजरीवाल सरकार के ‘भ्रष्टाचार’ के खिलाफ आप मुख्यालय के पास विरोध प्रदर्शन करेंगे। एक अधिकारी ने बताया कि दीन दयाल उपाध्याय मार्ग को सुबह से बंद किया गया है, साथ ही आप और भाजपा के कार्यालय के पास कई अवरोधक लगाए गए हैं।

दोनों पार्टियों का मुख्यालय पंडित दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर है और इनके बीच की दूरी कम है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि ऐसी व्यवस्था की गई है कि दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने नहीं आएं। उन्होंने कहा, ‘‘प्रदर्शन को देखते हुए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। अतिरिक्त र्किमयों को तैनात किया गया है। किसी को भी कानून तोड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी। पुलिस ने कहा कि दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर यातायात प्रभावित होगा और वाहनों की आवाजाही के लिए मार्ग परिवर्तित किए जाएंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल तथा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पार्टी के प्रदर्शन में शामिल होंगे।

दोनों नेताओं के पूर्वाह्न् 11 बजे प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने की उम्मीद है। मंगलवार को भाजपा ने चंडीगढ़ महापौर चुनाव में जीत हासिल की और इस जीत से विपक्षी गुट ‘इंडिया’ के घटक आप और कांग्रेस को झटका लगा है। भाजपा की दिल्ली इकाई ने कहा कि उसके अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी तथा अन्य केजरीवाल सरकार के ‘भ्रष्टाचार’ के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।

Exit mobile version