Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

CM केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ दिल्ली समेत देशभर में आप, अन्य दलों का प्रदर्शन

March 22, 2024

CM केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ दिल्ली समेत देशभर में आप, अन्य दलों का प्रदर्शन

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 में कथित अनियमितताओं से जुड़े धन शोधन मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किए जाने के खिलाफ शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी समेत देशभर में आम आदमी पार्टी (AAP) और अन्य राजनीतिक दलों ने प्रदर्शन करते हुए विरोध जताया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आप के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खिलाफ प्रदर्शन किया।

आईटीओ पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने इस क्षेत्र में निषेधाज्ञ लागू होने का हवाला देते हुए प्रदर्शनकारियों को वहां से जाने के लिए कहा। इसके बाद पुलिस ने कैबिनेट मंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज को हिरासत में ले लिया। आईटीओ के करीब ही भाजपा और आप के मुख्यालय हैं। पुलिस ने प्रदर्शन के मद्देनजर भाजपा मुख्यालय और ईडी कार्यालय जाने वाले मार्गों को बंद कर दिया गया। इससे आईटीओ चौराहे, राजघाट तथा विकास मार्ग पर बड़े स्तर पर यातायात अवरुद्ध हुआ।

दिल्ली यातायात पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी परामर्श में कहा, ‘‘दिल्ली के डीडीयू मार्ग पर राजनीतिक दल के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर आईपी मार्ग, विकास मार्ग, मिंटो रोड और बहादुर शाह जफर मार्ग पर भारी यातायात रहेगा। डीडीयू मार्ग यातायात के लिए बंद रहेगा। कृपया इन सड़कों से निकलने से बचें और तदनुसार अपनी यात्र की योजना बनाएं।’’ पंडित दीन दयाल मार्ग (डीडीयू) पर ही भाजपा और आप के मुख्यालय स्थित हैं। वहीं, आप और रायजोर दल (आरडी) की असम इकाई ने शुक्रवार को गुवाहाटी में प्रदर्शन किया और विपक्षी दलों ने एकजुट होकर आप नेता के खिलाफ ईडी की कार्रवाई की निंदा की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें