
अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में शुक्रवार रात दो बाइक पर सवार युवकों ने आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ता और उसके साथियों पर फायरिंग कर दी। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद एसएसपी अमृतसर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की गहन जांच के आदेश दिए गए हैं।
दीप इंदर की मौके पर ही हुई मौत
जानकारी के अनुसार, घटना अमृतसर के अजनाला के गांव लक्खूवाल की है। आप के युवक दीप इंदर सिंह दीपू सरकारिया अपने साथियों के साथ घर के बाहर बैठे थे। रात करीब साढ़े आठ बजे दो अज्ञात युवक बाइक पर वहां आए और फायरिंग शुरू कर दी। घटना के बाद घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान दीप इंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, 4 घायलों का इलाज गुरदासपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने जांच की शुरू
मौके पर पहुंचे एसएसपी सतिंदर सिंह ने मामले की जांच की है। इसके बाद उन्होंने स्थानीय पुलिस को जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने फिलहाल आसपास के सीसीटीवी खंगालने शुरू कर दिए हैं, ताकि आरोपियों के बारे में जानकारी मिल सके।