Site icon Dainik Savera Times

रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के बाद बारिश बनी आफत…कई गांवाें में भरा पानी, लोग घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाने को मजबूर

नागांव: रविवार रात को चक्रवात रेमल के आने के बाद असम के कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलीं। राज्य के नागांव जिले के कामपुर इलाके में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं, क्योंकि उफनती बोरपानी नदी का पानी कई गांवों में भर गया है। चक्रवात रेमल के प्रभाव के कारण लगातार बारिश के बाद अधिकारियों ने दो पनबिजली परियोजनाओं के द्वार खोल दिए हैं।

बोरपानी नदी का पानी कामपुर इलाके में लकड़ी के पुल के एक हिस्से को बहा ले गया, जबकि कई घरों में भी पानी घुस गया।स्थानीय प्रशासन के अनुसार, लगातार और भारी बारिश के कारण कामपुर राजस्व सर्किल इलाके में लोगों के घरों में पानी घुस गया है और सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हैं। राज्य के दीमा हसाओ जिले में भी इसी तरह की तबाही देखने को मिली।

इससे पहले मंगलवार को खबर आई थी कि भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण राज्य में तबाही मच गई है और एक व्यक्ति की मौत हो गई है तथा 17 लोग घायल हो गए हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) ने मंगलवार को अपनी रिपोर्ट में कहा कि कामरूप जिले के पलासबारी इलाके में एक व्यक्ति घायल हो गया। पलाशबारी, चायगांव और बोको रेवेन्यू सर्किल इलाकों में कई घर क्षतिग्रस्त हो गए। कई पेड़ उखड़ गए और नागांव जिले में कई जगहों पर असम पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (APDCL) का बुनियादी ढांचा क्षतिग्रस्त हो गया।

Exit mobile version