Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

…फिर ट्रेन पलटाने की साजिश, ट्रैक पर रखा था बड़ा पत्थर; बाल-बाल बची इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस

October 10, 2024

…फिर ट्रेन पलटाने की साजिश, ट्रैक पर रखा था बड़ा पत्थर; बाल-बाल बची इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस

गया। देश भर में इन दिनों असामाजिक तत्व ट्रेनों को टारगेट कर रहे हैं. पैसेंजर और मालगाड़ियों को पटरी से पलटने की खबरें अलग-अलग इलाकों से मिल रही हैं। अब इसमें बिहार के गया का नाम भी शामिल हो गया है। दरअसल, पटना-गया रेलखंड पर मंगलवार की देर रात मखदुमपुर और बेला स्टेशन के बीच नेयामतपुर हाल्ट के समीप पटरी पर बड़ा पत्थर रखकर इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस ट्रेन को पलटाने की साजिश विफल हो गई।

ट्रेन के लोको पायलट की समय रहते पत्थर पर नजर पड़ गई और उन्होंने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को दुर्घटनाग्रस्त होने से बचा लिया। इमरजेंसी ब्रेक लगाने के बाद इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस ट्रेन के लोको पायलट ने इसकी सूचना जीआरपी थाना को दी। पुलिस मौके पर पर पहुंची और पटरी से पत्थर हटाकर ट्रेन को प्रस्थान कराया। इस कारण ट्रेन कई मिनट खड़ी रही। अब जीआरपी अज्ञात पर प्राथमिकी कर पटरी पर पत्थर रखने वाले बदमाशों की पहचान करने में जुट गई है।

सीमेंटेड स्लीपर से टकराई मालगाड़ी

इस बीच उत्तर प्रदेश के रायबरेली में भी ट्रेन पलटाने की साजिश का मामला सामने आया है, जहां एक मालगाड़ी सीमेंटेड स्लीपर से टकरा गई। हालांकि, कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। हादसा मंगलवार देर रात को लक्ष्मणपुर स्टेशन पर हुआ। संदेह है कि ट्रेन को पटरी से उतारने की साजिश के तहत खेत में रखे तीन स्लीपर खींचकर ट्रैक पर लाए गए। देर रात हुए इस हादसे के बाद मालगाड़ी 15 मिनट तक खड़ी रही।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें