Ahmedabad Plane Crash News : नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 हादसे की जांच से जुड़ी नई जानकारी दी है। बताया गया है कि 24 जून को विमान के सामने वाले ब्लैक बॉक्स से “क्रैश प्रोटेक्शन मॉड्यूल (CPM)” को सुरक्षित रूप से निकाल लिया गया। 25 जून को इसके “मेमोरी मॉड्यूल” को सफलतापूर्वक खोला गया और सारा डेटा दिल्ली की AAIB लैब में डाउनलोड कर लिया गया। अब उस डेटा का विश्लेषण (एनालिसिस) किया जा रहा है।
क्या होते हैं CVR और FDR?
– CVR (Cockpit Voice Recorder): इसमें पायलट और को-पायलट की बातचीत रिकॉर्ड होती है।
– FDR (Flight Data Recorder): इसमें विमान की उड़ान से जुड़ी तकनीकी जानकारी रिकॉर्ड होती है जैसे स्पीड, ऊंचाई, इंजन की स्थिति आदि। दोनों रिकॉर्डर हादसे के बाद बरामद कर लिए गए हैं और इनका विश्लेषण जारी है।
भविष्य में ऐसे हादसों को कैसे रोका जाए…
मंत्रालय ने कहा कि इस जांच का मकसद सिर्फ यह जानना नहीं है कि हादसा क्यों हुआ, बल्कि यह भी पता लगाना है कि भविष्य में ऐसे हादसों को कैसे रोका जाए। भारत, ICAO (अंतरराष्ट्रीय नागर विमानन संगठन) के नियमों का पालन करता है। इसलिए यहां विमान हादसों की जांच ICAO के अनुलग्नक 13 और 2017 के नियमों के तहत की जाती है।
ये टीम हादसे की कर रही है जांच
एयर इंडिया फ्लाइट AI-171 की दुर्घटना के तुरंत बाद, 13 जून 2025 को सरकार ने एक बहु-विषयक (multi-disciplinary) टीम का गठन किया। इस जांच का नेतृत्व AAIB (Aircraft Accident Investigation Bureau) के महानिदेशक कर रहे हैं, जो भारत में विमान हादसों की जांच के लिए अधिकृत एजेंसी है।
कैसे बरामद किए गए ब्लैक बॉक्स?
-Cockpit Voice Recorder (CVR): 13 जून को दुर्घटना स्थल पर एक इमारत की छत से मिला।
– Flight Data Recorder (FDR): 16 जून को मलबे से बरामद किया गया।
कड़ी सुरक्षा में दिल्ली लाए गए ब्लैक बॉक्स
दोनों ब्लैक बॉक्सों को पहले अहमदाबाद में कड़ी सुरक्षा (24×7 पुलिस और CCTV) में रखा गया। फिर 24 जून को भारतीय वायुसेना के विमान से इन्हें दिल्ली भेजा गया। सामने वाला ब्लैक बॉक्स दोपहर 2 बजे दिल्ली की AAIB लैब में पहुंचा। पीछे वाला ब्लैक बॉक्स शाम 5:15 बजे एक दूसरी टीम द्वारा लाया गया। इसके बाद, 25 जून को मेमोरी मॉड्यूल से डेटा निकाल लिया गया।
कैसे हुआ था यह हादसा?
12 जून 2025 को एयर इंडिया का बोइंग 787-8 विमान, जो अहमदाबाद से लंदन (गैटविक) जा रहा था, उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा अहमदाबाद के पास एक मेडिकल हॉस्टल परिसर में हुआ। इस दर्दनाक दुर्घटना में 241 यात्रियों समेत कुल 270 से ज्यादा लोगों की जान चली गई।