Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

यात्रीगण कृपया ध्यान दें! Air India और Indigo ने आज इन 7 शहरों की फ्लाइट की कैंसिल… देखें ट्रैवल एडवाइजरी

May 13, 2025

यात्रीगण कृपया ध्यान दें! Air India और Indigo ने आज इन 7 शहरों की फ्लाइट की कैंसिल… देखें ट्रैवल एडवाइजरी

नेशनल डेस्क : भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में सीजफायर पर सहमति बनने के बाद बॉर्डर इलाकों में हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों और एयरलाइन्स के लिए खतरे पूरी तरह टले नहीं हैं। यही वजह है कि एयर इंडिया और इंडिगो जैसी प्रमुख एयरलाइन्स कंपनियों ने 13 मई, मंगलवार को कई फ्लाइट्स रद्द कर दी हैं। इन कंपनियों ने यह फैसला सुरक्षा के लिहाज से एहतियातन लिया है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

इन शहरों की फ्लाइट्स रद्द कीं

एयर इंडिया ने अपनी यात्रा संबंधी एडवाइजरी में बताया है कि 13 मई को जम्मू, लेह, जोधपुर, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट से आने-जाने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। वहीं, इंडिगो एयरलाइन्स ने भी यही रुख अपनाते हुए जम्मू, अमृतसर, चंडीगढ़, लेह, श्रीनगर और राजकोट की उड़ानों को रद्द किया है। दोनों एयरलाइन्स ने यात्रियों से कहा है कि वे यात्रा से पहले अपडेट चेक करते रहें।

सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

दोनों कंपनियों ने बयान जारी कर यह स्पष्ट किया कि मौजूदा हालात को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करके कहा कि वे हालात पर नजर बनाए हुए हैं और समय-समय पर अपडेट देते रहेंगे। इसी तरह इंडिगो ने भी कहा कि वो पूरी सतर्कता से स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और लोगों की सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठा रहे हैं।

असुविधा के लिए खेद, जल्द देंगे नई जानकारी

दोनों एयरलाइन्स ने यात्रियों से यह भी कहा कि उन्हें पता है कि इस फैसले से यात्रा की योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं, और इसके लिए वे खेद जताते हैं। एयर इंडिया ने साफ किया कि उनकी टीमें लगातार हालात की समीक्षा कर रही हैं, और जैसे ही कोई बदलाव होगा, उसकी जानकारी यात्रियों को तुरंत दी जाएगी।

जिन एयरपोर्ट्स को फिर से शुरू किया गया…

हाल ही में जिन एयरपोर्ट्स को अस्थायी रूप से बंद किया गया था, उन्हें अब धीरे-धीरे फिर से खोला जा रहा है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने घोषणा की थी कि जिन 32 हवाई अड्डों को 15 मई तक के लिए बंद किया गया था, उनका संचालन अब शुरू कर दिया जाएगा। इनमें शामिल हैं: अधमपुर, अंबाला, अवंतीपुर, बठिंडा, बीकानेर, हलवारा, हिंडन, जैसलमेर, कांडला, कांगड़ा (गगल), केशोद, किशनगढ़, कुल्लू-मनाली (भुंतर), लुधियाना, मुंद्रा, नलिया, पठानकोट, पटियाला, पोरबंदर, सरसावा, शिमला, थोईस और उत्तरलाई। इन हवाई अड्डों को दोबारा खोलने का निर्णय भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सीजफायर समझौते के दो दिन बाद लिया गया था।

भारत-पाक के बीच तनाव कैसे बढ़ा ?

22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम इलाके में हुए एक आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद दोनों देशों के बीच हालात तेजी से बिगड़ने लगे। भारत ने 7 मई को “ऑपरेशन सिंदूर” नाम से एक बड़ा सैन्य अभियान चलाया, जिसमें पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया गया और 100 से अधिक आतंकियों को मार गिराया गया। हालांकि यह तनाव एक युद्ध में तब्दील हो सकता था, लेकिन समय रहते दोनों देशों ने बातचीत के माध्यम से तनाव कम करने का निर्णय लिया और सीजफायर पर सहमति बनी, जिससे बड़ी टकराव की स्थिति टल गई।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें