नई दिल्ली: गुरुवार, 31 जुलाई को दिल्ली से लंदन जा रही एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI2017 को टेकऑफ से पहले ही रद्द करना पड़ा, क्योंकि विमान में तकनीकी खराबी की आशंका जताई गई।
एयर इंडिया का बयान
एयर इंडिया की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि जैसे ही कॉकपिट क्रू को तकनीकी गड़बड़ी का संदेह हुआ, उन्होंने तुरंत मानक सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए उड़ान को रोक दिया और विमान को वापस टर्मिनल पर सुरक्षित तरीके से ले आए।एयर इंडिया ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया। यात्रियों को गंतव्य (लंदन) तक पहुंचाने के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की जा रही है।
यात्रियों की सुरक्षा सबसे ऊपर
इस बीच, एयरलाइंस के ग्राउंड स्टाफ को यात्रियों को हर संभव मदद और सुविधाएं देने के निर्देश दिए गए हैं। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, “हम अपने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सबसे ऊपर रखते हैं। हमें इस देरी से हुई असुविधा का खेद है।” एयर इंडिया ने यह भी सुनिश्चित किया है कि यात्रियों को कम से कम देरी में लंदन पहुंचाया जाएगा।

