
Air India Plane Crash : नेशनल डेस्क। गुरुवार को अहमदाबाद एयरपोर्ट से लंदन के लिए उड़ान भरने वाला एयर इंडिया का एक विमान उड़ान के कुछ मिनट बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में 241 लोगों की मौत हो गई, जबकि सिर्फ एक यात्री विश्वास कुमार इस भयानक दुर्घटना में बच पाया। इस हादसे को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव समीर कुमार सिन्हा ने मीडिया को विस्तार से मामले की पूरी जानकारी दी। प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में मंत्री ने हादसे में मारे गए लोगों के सम्मान में एक मिनट का मौन रखा गया। इसके बाद कहा, “यह एक राष्ट्रीय त्रासदी है। हम सभी पीड़ित परिवारों के साथ हैं।”
मंत्री नायडू ने बताया, “650 फीट की ऊंचाई पर विमान में खराबी आई थी। पायलट ने इमरजेंसी की कॉल दी थी. हादसा दोपहर को 1 बजकर 40 मिनट पर हुआ था. विमान एयरपोर्ट से 2 किलोमीटर की दूरी पर क्रैश हुआ था। हमें हादसे की जानकारी दो बजे लगी थी।” जबकि आग पर 6 बजे काबू पाया गया था।
#WATCH | #AhmedabadPlaneCrash | Delhi: Samir Kumar Sinha, Secretary of the Ministry of Civil Aviation, says “On 12th June around 2PM, we received the information that the plane going from Ahmedabad to Gatwick London had crashed. We immediately got detailed information about this… pic.twitter.com/AtrriJeCQn
— ANI (@ANI) June 14, 2025
सिन्हा ने आगे बताया, “ATC के अनुसार जब उन्होंने विमान से संपर्क करने की कोशिश की तो कोई जवाब नहीं मिला। ठीक 1 मिनट बाद विमान एअरपोर्ट से 2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित मेघानी नगर इलाके में क्रैश हो गया।” मंत्री ने कहा कि “AAIB आने वाले तीन महीनों में इस दुर्घटना की पूरी रिपोर्ट तैयार करेगा। इस रिपोर्ट में यह भी बताया जाएगा कि आगे ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए क्या-क्या सुधार करने होंगे।”
टेकऑफ के बाद अचानक हुआ हादसा
मंत्रालय के अनुसार, फ्लाइट नंबर AIC 171 ने 12 जून को दोपहर 1:39 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरी। विमान लगभग 650 फीट की ऊँचाई तक पहुंचा ही था कि तभी तकनीकी खराबी आ गई।
पायलट ने भेजा आपातकालीन संदेश
जैसे ही विमान की ऊंचाई गिरने लगी, पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को ‘मे डे’ संदेश भेजा। यह संकेत है कि विमान को गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इसके बाद ATC ने बार-बार विमान से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
मेदानीनगर में विमान गिरा
टेकऑफ के केवल एक मिनट बाद, विमान अहमदाबाद एयरपोर्ट से करीब 2 किलोमीटर दूर मेदानीनगर नामक इलाके में गिर गया। यह वही विमान था जो इससे पहले पेरिस–दिल्ली–अहमदाबाद रूट पर सफर करके आया था।
एयरपोर्ट कुछ घंटे के लिए बंद रहा
दुर्घटना के बाद सुरक्षा के लिहाज से दोपहर 2:30 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। सभी जांच और आपात प्रोटोकॉल के बाद एयरपोर्ट को शाम 5 बजे से कुछ उड़ानों के लिए दोबारा खोला गया।
ब्लैक बॉक्स मिला, जांच शुरू
एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने दुर्घटनास्थल से ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया है। ब्लैक बॉक्स में वह सारी तकनीकी जानकारी होती है जिससे पता लगाया जा सकेगा कि दुर्घटना कैसे हुई।
कुल 242 लोग थे सवार
विमान में कुल 242 लोग सवार थे जिसमें 230 यात्री, 10 क्रू मेंबर व 2 पायलट थे। इसमें से सिर्फ 1 यात्री विश्वास कुमार ही बच सके। उनकी हालत स्थिर है और वह मेडिकल देखरेख में हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...