
नेशनल डेस्क। 12 जून को अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया फ्लाइट AI-171 के दर्दनाक हादसे की जांच में अब एक नया मोड़ सामने आया है। वॉल स्ट्रीट जर्नल (WSJ) और रायटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी जांच एजेंसियों को शुरुआती जांच में यह संकेत मिले हैं कि क्रैश से कुछ सेकंड पहले कप्तान ने खुद ईंधन की सप्लाई बंद की। यह जानकारी कॉकपिट वॉइस रिकॉर्डिंग के आधार पर सामने आई है।
रिपोर्ट के अनुसार, उस समय फ्लाइट को फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर उड़ा रहे थे। उड़ान भरने के तुरंत बाद उन्होंने देखा कि कैप्टन सुमीत ने इंजन का फ्यूल कंट्रोल स्विच कटऑफ (बंद) कर दिया। इस पर क्लाइव हैरान हो गए और तुरंत कप्तान से पूछा कि ऐसा क्यों किया। उस समय कॉकपिट में हल्का तनाव और घबराहट का माहौल बन गया। क्लाइव के चेहरे पर घबराहट थी, जबकि कैप्टन सुमीत शांत थे।
दोनों पायलट थे काफी अनुभवी
-कैप्टन सुमीत के पास कुल 15,638 घंटे का उड़ान अनुभव था। फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर के पास 3,403 घंटे का अनुभव था।
32 सेकंड के अंदर ही क्रैश हुआ विमान
AAIB (Aircraft Accident Investigation Bureau) की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार विमान ने उड़ान भरी, जिसके 32 सेकंड के अंदर ही क्रैश हो गया। दोनों इंजन के फ्यूल कंट्रोल स्विच लगभग एक सेकंड के अंतर में बंद हुए। यह हादसा इतनी तेजी से हुआ कि क्रू को कुछ करने का समय ही नहीं मिला।

जानबूझकर किया गया या गलती से?
रिपोर्ट में यह साफ नहीं है कि कप्तान ने फ्यूल स्विच जानबूझकर बंद किया या गलती से। कुछ अमेरिकी पायलटों और सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि कैप्टन ने यह काम जानबूझकर किया, लेकिन इसका पक्का सबूत अभी सामने नहीं आया है।
पायलट संगठन ने ने रिपोर्ट को लेकर जताई नाराजगी
फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स (FIP) के अध्यक्ष सीएस रंधावा ने रिपोर्ट को गलत और पायलट को दोषी ठहराने की कोशिश बताया। उन्होंने कहा “रिपोर्ट यह साबित नहीं करती कि फ्यूल स्विच बंद करना पायलट की गलती थी। हम इसकी निंदा करते हैं और बिना सबूत के टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।”
रिपोर्ट को लेकर अभी तक नहीं आया कोई अधिकारिक बयान
इस रिपोर्ट पर अब तक DGCA, नागरिक उड्डयन मंत्रालय, AAIB, या एयर इंडिया की कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है। विस्तृत रिपोर्ट आने में अभी समय लग सकता है। यह हादसा अब सिर्फ तकनीकी जांच का मामला नहीं रहा, बल्कि इसमें इंसानी गलती या जानबूझकर की गई हरकत की भी संभावना पर विचार किया जा रहा है। शुरुआती रिपोर्ट ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब फाइनल जांच के बाद ही मिल सकेगा।
12 जून को अहमदाबाद में हुआ था हादसा
12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 उड़ान भरने के 32 सेकंड बाद ही क्रैश हो गई। यह हादसा इतना बड़ा था कि विमान बीजे मेडिकल कॉलेज से टकरा गया। इसमें 275 लोगों की मौत हो गई, जिसमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, 2 पायलट, 10 क्रू मेंबर और 230 यात्री शामिल थे। मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल और आसपास के इलाके में भी 30 लोगों की जान गई।
मेष: दिन शुभ रहेगा...