Chief Minister Mann: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार को प्रदेश वासियों से भावुक अपील की कि वे राजनीतिक सीमाओं से ऊपर उठकर नशों के खिलाफ राज्य सरकार के चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करें। ड्रग्स के खिलाफ शपथ दिलाने के बाद सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह युद्ध अब जन आंदोलन में बदलना होगा, जिसमें लोगों को राजनीतिक झंडों से ऊपर उठकर साथ आना होगा। उन्होंने कहा कि पंजाब को नशामुक्त बनाना हमारी प्राथमिकता है क्योंकि यह आने वाली पीढ़ियों की लड़ाई है और हम सभी का नैतिक कर्तव्य है कि इस अभियान का समर्थन करें। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि जब तक पंजाब से नशे का नामोनिशान नहीं मिट जाता, यह जंग जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ड्रग्स तस्करों की संपत्तियों पर चल रहा बुलडोजर अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक इसका तार्किक अंत नहीं हो जाता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे का कारोबार अकाली दल की देन है, जो श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के लिए भी जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि अब अकाली नेता अपने पापों की सजा भुगत रहे हैं- जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर कर दिया है और वे राजनीतिक गुमनामी में चले गए हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस ने राज्य को भ्रष्टाचार दिया और अकालियों ने उसे संरक्षण; अकालियों ने तस्कर पैदा किए और कांग्रेस ने उन्हें छुपाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब पंजाब अपनी नदियों के पानी को बचाने की लड़ाई लड़ रहा था, तब ये नेता चुप्पी साधे हुए थे। उन्होंने कहा कि केंद्र, बीबीएमबी और हरियाणा सरकार द्वारा पंजाब के जल संसाधनों को हड़पने की साजिश का उनकी सरकार ने डटकर विरोध किया। उन्होंने कहा कि वह पानी के संरक्षक के तौर पर पंजाब के हितों से समझौता नहीं करेंगे-अब जब पंजाब की नहर प्रणाली अपग्रेड हो चुकी है, तो आगामी धान की बुआई को देखते हुए किसानों को पानी की आवश्यकता है।

