Site icon Dainik Savera Times

गोरखपुर में विरासत का नहीं, कस्टडी का कॉरिडोर बनाना पड़ेगा… अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला

नेशनल डेस्क: समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा हर जिले और शहर में लोगों की जमीन हड़प रही है। इसके लिए वे बुलडोजर, पार्टी कार्यकर्ता और सरकारी अधिकारी एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा अगर गोरखपुर की सच्चाई सामने आई तो वहां विरासत का नहीं, कस्टडी का कॉरिडोर बनाना पडे़गा।

यादव ने उदाहरण देते हुए बताया कि सपा नेता माता प्रसाद पांडेय को रोकने के लिए बुलडोजर भेजा गया था, जिसमें भाजपा के लोग और पुलिस अधिकारी शामिल थे। उन्होंने कहा, “भाजपा को समझ नहीं आ रहा कि वे क्या कर रहे हैं। जो जमीन दिखती है, उसे वे हड़प लेते हैं। यह हर जगह हो रहा है।”

मेट्रो का वादा 10 साल से पूरा नहीं हुआ
उन्होंने गोरखपुर और झांसी मेट्रो योजना की विफलता पर भी निशाना साधा। यादव ने कहा, “गोरखपुर में मेट्रो का वादा 10 साल से पूरा नहीं हुआ। वहां बड़ा घोटाला चल रहा है। अगर गोरखपुर की सच्चाई सामने आती है, तो वहां विरासत का नहीं, बल्कि कस्टडी का कॉरिडोर बनाना पड़ेगा।”

अब गोरखपुर और मथुरा भी खतरे में
यादव ने कहा कि गोरखपुर में जमीन अधिग्रहण के लिए लोग बाजार के सही दाम पर मुआवजा मांग रहे हैं, लेकिन भाजपा सरकार सिर्फ कुछ खास लोगों को फायदा पहुंचा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा अयोध्या और प्रयागराज की लोकसभा सीटें हार चुकी है और अब गोरखपुर और मथुरा भी खतरे में हैं।

घोटालों का भी जिक्र किया
उन्होंने सिसोदिया नर्सिंग होम और मेडिकल कॉलेज में हुए घोटालों का भी जिक्र किया और कहा कि बच्चों को अभी भी पढ़ाई और डिग्री के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। यादव ने भाजपा के एक करीबी सहयोगी से जुड़े हालिया बलात्कार मामले पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा, “उनका एक सलाहकार इस्तीफा दे चुका है, पर कोई नहीं जानता वह किससे गुप्त रूप से डील कर रहा था।”

भाजपा वाले मनमाने काम कर रहे 
यादव ने कहा कि आजकल पुलिस नहीं, बल्कि भाजपा के लोग पार्टी के चिन्ह पहनकर अपने मनमाने काम कर रहे हैं। उन्होंने पुराने समय के जर्मनी का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां हिटलर अपने लोगों को पुलिस की वर्दी में भेजता था, लेकिन यहां तो पार्टी के निशान वाले लोग ही पुलिस जैसा काम कर रहे हैं।

सरकार आने पर गोरखपुर में खोलेंगे विकास का नया रास्ता
यादव ने लखनऊ में तालाबों पर हो रहे अतिक्रमण की तरफ भी ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा, “2017 तक जो तालाब सैटेलाइट पर दिखते थे, अब वे गायब हो गए हैं। इसके लिए शायद अमेरिका जाकर जांच करनी पड़े।” अखिलेश यादव ने भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार आएगी तो गोरखपुर में विकास का नया रास्ता खोलेगी और नेताजी मुलायम सिंह यादव द्वारा शुरू की गई बड़ी फैक्ट्री को बढ़ावा मिलेगा।

Exit mobile version