नेशनल डेस्क: सुप्रीम कोर्ट ने एक बड़ा कदम उठाया है, जिसमें अब सभी 33 जज अपनी संपत्ति का ब्योरा सार्वजनिक करेंगे। यह फैसला न्यायपालिका में पारदर्शिता लाने और भ्रष्टाचार से जुड़े सवालों के बीच लोगों का विश्वास बनाए रखने के लिए लिया गया है। यह निर्णय 1 अप्रैल को चीफ जस्टिस संजीव खन्ना की अध्यक्षता में सुप्रीम कोर्ट के सभी जजों की बैठक में लिया गया।
किस तरीके से होगी संपत्ति की घोषणा
हालांकि, संपत्ति की सार्वजनिक घोषणा कब और किस तरीके से की जाएगी, इसे लेकर अभी कुछ अंतिम रूप नहीं दिया गया है। सुप्रीम कोर्ट के एक अधिकारी के अनुसार, इस बारे में जानकारी जल्द ही लोगों के सामने आ जाएगी। वर्तमान में, जजों द्वारा अपनी संपत्ति की घोषणा का प्रावधान है, लेकिन यह अनिवार्य नहीं था। बैठक में यह भी तय किया गया कि भविष्य में सुप्रीम कोर्ट के सभी जजों पर यह नियम लागू होगा।
2009 में किया था संपत्ति का खुलासा
इससे पहले, 26 अगस्त 2009 को सुप्रीम कोर्ट के जजों ने अपनी संपत्ति का ब्योरा सार्वजनिक किया था। हालांकि, उसके बाद जजों द्वारा चीफ जस्टिस को जानकारी दी जाती रही है, लेकिन इसे सार्वजनिक नहीं किया जाता था।
वकीलों ने फैसले का स्वागत किया
इस फैसले का स्वागत करते हुए वरिष्ठ वकील आदिश अग्रवाल ने कहा कि यह कदम जनता का भरोसा बहाल करने में मदद करेगा, जो कुछ समय से कम हो गया था। उन्होंने उम्मीद जताई कि हाई कोर्ट के जज भी इसका पालन करेंगे। उन्होंने कहा, “इससे न्यायपालिका में पारदर्शिता और विश्वास बढ़ेगा। 1977 में इसी तरह के प्रस्ताव पर विचार किया गया था, लेकिन उसे पूरी तरह से लागू नहीं किया गया था।” इस फैसले से न्यायपालिका में पारदर्शिता और विश्वास की नई उम्मीद जगी है।

