
नेशनल डेस्क : पाकिस्तान और पीओके में भारतीय सेना द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत 9 आतंकी ठिकानों को तबाह किए जाने के बाद देश की राजधानी दिल्ली में हलचल तेज है। गुरुवार को संसद परिसर स्थित लाइब्रेरी भवन में सर्वदलीय बैठक बुलाई गई, जिसमें सरकार ने सभी दलों को इस अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
बैठक में शामिल हुए शीर्ष मंत्री और अधिकारी
आपको बता दें कि बैठक की अगुवाई रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की। उनके साथ गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और संसदीय कार्य मंत्री किरन रिजीजू शामिल हुए। इस बैठक का उद्देश्य सभी दलों को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े इस बड़े ऑपरेशन की जानकारी देना और एकजुटता सुनिश्चित करना था।
विपक्ष ने दिया समर्थन… राहुल, खरगे रहें मौजूद
विपक्ष की ओर से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे, सुप्रिया सुले (एनसीपी), संजय राउत (शिवसेना), प्रफुल्ल पटेल, संजय सिंह (आप), संबित पात्रा (भाजपा प्रवक्ता), जॉन ब्रिटास (सीपीआईएम) और प्रेमचंद गुप्ता (आरजेडी) जैसे नेता मौजूद थे।
“यह समय एकजुटता का है”… AAP नेता
आप सांसद संजय सिंह ने बैठक में शामिल होने से पहले कहा, “यह वक्त एकजुट होकर पाकिस्तान और पाकिस्तान के आतंकवादी संगठनों का मुकाबला करने का है। भारतीय सेना ने जिस तरह से आतंकी ठिकानों को खत्म किया है, उससे पूरा देश गर्व महसूस कर रहा है।” उन्होंने यह भी कहा कि बैठक में सरकार जो भी जानकारी साझा करेगी, वह सभी दलों के सामने आएगी।
NSA डोभाल ने दी PM मोदी को जानकारी
इससे पहले राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात कर ऑपरेशन से संबंधित ब्योरे दिए। यह दर्शाता है कि सरकार इस विषय पर पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ काम कर रही है।
ऑपरेशन सिंदूर’ पर देश एकजुट
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद सरकार ने जिस प्रकार से सर्वदलीय बैठक बुलाकर सभी दलों को विश्वास में लिया, वह एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है। भारत की राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व ने यह संदेश दिया है कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर देश एक है और किसी भी आतंकी हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।