Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘मेक इन इंडिया के साथ-साथ, हम मेक विद फ्रेंड्स पर भी काम कर रहे’, मोरक्को में बोले राजनाथ सिंह

September 23, 2025

‘मेक इन इंडिया के साथ-साथ, हम मेक विद फ्रेंड्स पर भी काम कर रहे’, मोरक्को में बोले राजनाथ सिंह

इंटरनेशनल डेस्क: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को मोरक्को के बेरेचिड में टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स की नई रक्षा निर्माण फैक्ट्री का उद्घाटन किया। उन्होंने इसे भारत की वैश्विक रक्षा सहयोग में बढ़ती भूमिका का एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

उद्घाटन समारोह में क्या-क्या बोले राजनाथ सिंह?

उद्घाटन समारोह में राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत सिर्फ ‘मेक इन इंडिया’ पर ही नहीं, बल्कि ‘मेक विद फ्रेंड्स’ यानी मित्र देशों के साथ मिलकर उत्पादन पर भी काम कर रहा है। इसका उद्देश्य है दुनिया भर में उच्च तकनीक के रक्षा उपकरणों का विकास और निर्माण करना। यह फैक्ट्री इसी सोच का उदाहरण है, जहां भारत अपने मित्र देशों के साथ साझेदारी कर उनके रक्षा क्षेत्र को मजबूत करेगा।

उन्होंने बताया कि यह सुविधा 20,000 वर्ग फुट में फैली है और इसमें उन्नत बख्तरबंद लड़ाकू वाहन बनाए जाएंगे। यह वाहन भारत के रक्षा अनुसंधान संगठन DRDO के साथ मिलकर तैयार किए गए हैं। इस परियोजना में करीब एक तिहाई पुर्जे मोरक्को में ही बनेंगे और भविष्य में यह हिस्सा आधा तक बढ़ाने की योजना है। इससे स्थानीय उद्योग को बढ़ावा मिलेगा।

 

मोरक्को में कई नौकरियां बनेंगी: राजनाथ 

राजनाथ सिंह ने कहा कि यह सिर्फ व्यापारिक सौदा नहीं है, बल्कि मोरक्को में तकनीकी और औद्योगिक क्षमता बढ़ाने वाली दीर्घकालिक साझेदारी है। इस फैक्ट्री से मोरक्को में कई नौकरियां बनेंगी, इंजीनियरिंग और तकनीकी कौशल को बढ़ावा मिलेगा, और स्थानीय छोटे व्यवसायों को भी फायदा होगा। उन्होंने मोरक्को के भूगोल और भारत के औद्योगिक विकास के बीच संबंधों को भी महत्व दिया। मोरक्को अफ्रीका का प्रवेश द्वार है और भारत वैश्विक स्तर पर नवाचार के केंद्र के रूप में उभर रहा है। इस संयोजन से दोनों देशों को लाभ होगा।

यह उद्घाटन राजनाथ सिंह की मोरक्को की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा के दौरान हुआ, जो किसी भारतीय रक्षा मंत्री की पहली यात्रा थी। सिंह को कैसाब्लांका हवाई अड्डे पर वहां के सैन्य प्रमुख और भारतीय राजदूत ने स्वागत किया। भारतीय समुदाय के कई लोग भी मंत्री का स्वागत करने आए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें