Site icon Dainik Savera Times

Amazon ने ग्राहकों को दिया बड़ा झटका… हर ऑर्डर के साथ देना होगा एक्स्ट्रा चार्ज, जानिए किन ऑर्डर्स पर नहीं लगेगा चार्ज

Amazon Marketplace fee : अगर आप अमेजन से ऑनलाइन शॉपिंग करते हैं तो अब हर ऑर्डर के साथ आपकी जेब थोड़ी और ढीली हो सकती है। ई-कॉमर्स दिग्गज अमेजन ने अपने ग्राहकों से हर ऑर्डर पर 5 रुपये का ‘मार्केटप्लेस चार्ज’ वसूलने का फैसला किया है। यह चार्ज सभी यूजर्स चाहे वे स्टैंडर्ड हों या प्राइम मेंबर दोनों पर समान रूप से लागू होगा।

क्या है मार्केटप्लेस चार्ज?

मार्केटप्लेस चार्ज एक प्रकार की प्लेटफॉर्म फीस है, जो अमेजन अपने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म को संचालित करने के लिए वसूल रहा है। यह चार्ज हर प्रोडक्ट ऑर्डर पर लागू होगा और यह राशि प्रोडक्ट की कीमत के अलावा, अलग से बिल में दिखेगी।

हालांकि यह चार्ज मात्र 5 रुपये का है, लेकिन जो ग्राहक बार-बार ऑनलाइन ऑर्डर करते हैं, उनके लिए यह बोझ धीरे-धीरे बढ़ सकता है। बता दें कि यह कदम उन कंपनियों की तर्ज पर है जो पहले से ही प्लेटफॉर्म शुल्क ले रही हैं, जैसे कि ब्लिंकिट, स्विगी आदि।

किन सेवाओं पर नहीं लगेगा यह चार्ज?

अमेजन ने कुछ कैटेगरी को इस शुल्क से बाहर रखा है:

– अमेजन पे के जरिए किए गए बिल पेमेंट, मोबाइल रिचार्ज और अन्य डिजिटल सेवाएं
– जिन ऑर्डर्स पर पहले से ही प्रोसेसिंग फीस या एक्सचेंज फीस लागू होती है
– गिफ्ट कार्ड्स पर किए गए पेमेंट
– कैश ऑन डिलीवरी (COD) वाले ऑर्डर

कैंसिलेशन और रिफंड को लेकर क्या नियम होंगे?

बता दें कि अगर ऑर्डर को शिप होने से पहले रद्द किया जाता है, तो मार्केटप्लेस चार्ज रिफंड किया जाएगा। लेकिन अगर प्रोडक्ट शिप हो चुका है, और ग्राहक ऑर्डर को रद्द करता है या रिटर्न करता है, तो यह चार्ज वापस नहीं किया जाएगा। इसलिए अमेजन ग्राहकों को सलाह दी जा रही है कि अगर ऑर्डर को रद्द करना है तो वह डिलीवरी से पहले ही कर दें, वरना यह 5 रुपये का अतिरिक्त खर्च देना होगा।

क्या कहना है अमेजन का?

अमेजन का कहना है कि यह चार्ज प्लेटफॉर्म के मेंटेनेंस और संचालन को सपोर्ट करने के लिए लिया जा रहा है। कंपनी का मानना है कि इससे ग्राहकों को बेहतर और तेज सेवा उपलब्ध कराई जा सकेगी।

Exit mobile version