नेशनल डेस्क: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को बिहार के सारण जिले के तरैया में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव 2025 के लिए भाजपा का चुनाव प्रचार शुरू किया। इस रैली में उन्होंने तरैया के निवर्तमान विधायक जनक सिंह और अमनौर सीट से भाजपा प्रत्याशी कृष्ण कुमार मंटू के समर्थन में वोट मांगे।
नीतीश कुमार ने दिलाया जंगलराज से छुटकारा: अमित शाह
अमित शाह ने अपने भाषण में पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के शासनकाल को याद दिलाया और कहा कि उस समय बिहार में “जंगलराज” था। उन्होंने दावा किया कि पिछले 20 वर्षों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को उस अराजकता से बाहर निकाला और शांति और विकास की राह पर आगे बढ़ाया। अमित शाह ने कहा, “जब हम सारण से प्रचार की शुरुआत करते हैं, तो जीत की गारंटी मिल जाती है। बिहार के युवाओं को लालू-राबड़ी के दौर की याद दिलाना जरूरी है। छपरा और सारण जैसे क्षेत्र इस संदेश के लिए सबसे उपयुक्त हैं।”
मोदी सरकार के 11 साल: गरीबों के लिए वरदान
गृह मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी तारीफ की और कहा कि उन्होंने पिछले 11 वर्षों में गरीबों के लिए ऐतिहासिक काम किए हैं। उन्होंने यह भी दोहराया कि एनडीए (NDA) बिहार चुनाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ रही है।
#WATCH | Addressing an election rally in Bihar’s Saran, Union Home Minister Amit Shah says, “When you start campaigning from Saran, we only see victory. There is no better place than Chhapra, Saran, to remind the youth of Bihar about that jungle raj of Lalu and Rabri and take a… pic.twitter.com/WHuaMA8Drg
— ANI (@ANI) October 17, 2025
इस साल मनेंगी “चार दिवाली”
अमित शाह ने अपने भाषण में कहा कि इस साल बिहार के लोगों को चार दिवाली मनाने का मौका मिलेगा। पहली दिवाली – भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन के उपलक्ष्य में। दूसरी दिवाली – हाल ही में महिलाओं को नीतीश-मोदी सरकार द्वारा 10,000 रुपए की आर्थिक मदद दिए जाने पर। तीसरी दिवाली – 395 वस्तुओं पर GST घटाकर 5% और 0% कर देने पर। चौथी दिवाली – जब एनडीए बिहार में बड़ी जीत हासिल कर सत्ता में वापस आएगा और लालू-राहुल की पार्टी को हराएगा।
आतंकवाद पर सख्ती: ऑपरेशन सिंदूर
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस और लालू यादव के शासनकाल में आतंकवादी देश में “खून की होली” खेलते थे। लेकिन अब मोदी सरकार ने “ऑपरेशन सिंदूर” के जरिए आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर मार गिराया है।
सीट बंटवारा: NDA ने तय की रणनीति
अमित शाह ने यह भी बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए NDA में सीटों का बंटवारा तय हो चुका है। बीजेपी और जेडीयू को बराबर 101-101 सीटें मिली हैं। जबकि चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) को 29 सीटें मिली हैं। इसके अलावा, जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को 6-6 सीटें मिली हैं।
दो चरणों में होंगे मतदान
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए मतदान दो चरणों में होगा। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होगा। दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा। मतदान के नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

