Site icon Dainik Savera Times

नेपाल भागने की फिराक में Amritpal, मेरठ में मिली लोकेशन

चंडीगढ़: खालिस्तान समर्थक वारिस पंजाब दे के मुखी अमृतपाल सिंह की 16वें दिन भी तलाश जारी है। इस बीच अमृतपाल की ताजा लोकेशन उत्तर प्रदेश के मेरठ के पास मिली है। अमृतपाल सिंह ने मेरठ के दौराला से आटो पकड़ा था। उधर, पंजाब के 3 जिलों होशियारपुर, फगवाड़ा और जालंधर में कई जगहों पर पुलिस का सर्च आप्रेशन जारी है। पुलिस ने मेरठ के एक आटो चालक अजय को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। पुलिस ने अमृतपाल की फोटो दिखाकर उससे पूछताछ की। उसने बताया कि कुछ दिन पहले अमृतपाल दौराला से उसके आटो में सवार हुआ और बेगमपुल के पास उतर गया। इसके बाद वह कहां गया इसकी जानकारी नहीं है।

अमृतपाल को लेकर एक नई जानकारी सामने आई है कि वह किसी धार्मिक स्थल पर छिपा हो सकता है। बीते दिन अमृतपाल की ओर से जारी वीडियो के बैकग्राऊंड में भजन कीर्तन की आवाज आ रही थी। इसके अलावा पंजाब पुलिस ने अमृतपाल सिंह के उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड कनैक्शन खोज निकाले हैं। अमृतपाल सिंह के नेपाल भागने की आशंका के बीच उत्तराखंड पुलिस ने उत्तर प्रदेश बॉर्डर को सील किया है। बॉर्डर पर पुलिस हर आने-जाने वाले सभी यात्रियों की आईडी की जांच कर रही है। बॉर्डर पार करने वाले वाहनों की तलाशी ली जा रही है। अमृतपाल उत्तराखंड के कुमाऊं से नेपाल भागने की फिराक में है। उधर, अमृतपाल को फरार कराने में अहम भूमिका निभाने वाला उसका निकट सहयोगी पप्पलप्रीत सिंह उससे अलग हो गया है। होशियारपुर में पुलिस द्वारा घेरे जाने के बाद दोनों एक दूसरे से अलग हो चुके हैं।

पप्पलप्रीत सिंह यहां से जोगा सिंह के साथ फरार हुआ था जबकि जोगा सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है लेकिन पुलिस पप्पलप्रीत सिंह का सुराग नहीं लगा सकी है। अभी तक की जांच में पता चला है कि अमृतपाल ने अपनी पहली वीडियो पीलीभीत में बनाई थी और उसके बाद वह ऊधम सिंह नगर पहुंचा। यहां वह पप्पलप्रीत के साथ एक स्कार्पियों में सवार होकर वापस पंजाब आ गया था। इसके अलावा पुलिस की टीमें उत्तराखंड के कुमाऊं इलाके में अमृतपाल के लिंक को तलाश रही है। पुलिस को इनपुट मिला है कि अमृतपाल कुमाऊं बार्डर से नेपाल सीमा में प्रवेश करने की कोशिश में है क्योंकि उत्तर प्रदेश से सटी नेपाल सीमा पर सर्च अभियान चल रहा है और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।

Exit mobile version