नई दिल्ली: अहमदाबाद विमान हादसे में जान गंवाने वाले गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी यादें साझा कर रहे हैं। इस वीडियो में विजय रूपाणी बता रहे हैं कि कैसे पीएम मोदी चुनाव के दौरान छोटी-छोटी बातों को ध्यान में रखते थे। यह वीडियो मोदी स्टोरी नाम के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स से शेयर किया गया है।
मोदी स्टोरी ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ’विजय रूपाणी का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ गहरा और पुराना रिश्ता रहा है। उनका जुड़ाव गुजरात भाजपा को मजबूत करने के शुरुआती दिनों से है। बाद में, जब नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्री बने, तो उन्होंने एक नए गुजरात को आकार देने में मिलकर काम करना जारी रखा। रूपाणी बाद में खुद मुख्यमंत्री बने और गुजरात की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। विजय रूपाणी द्वारा शेयर की गई एक याद।’
राजकोट विधानसभा से प्रधानमंत्री ने लड़ा था चुनाव
वीडियो में विजय रूपाणी बताते हैं कि नरेंद्र मोदी ने अपना पहला चुनाव राजकोट विधानसभा क्षेत्र से लड़ा था, जहां से मैं अभी विधायक हूं। उस वक्त भी चुनाव की जिम्मेदारी मेरे सिर पर थी और चुनाव का पूरा काम भी मैंने संभाला था। नरेंद्र मोदी का पहला चुनाव था। अमित शाह भी एक महीने राजकोट में रहे थे। हम दोनों साथ में काम करते थे।
Vijay Rupani ji shared a deep and long-standing bond with PM Narendra Modi. Their association goes back to the early days of strengthening the Gujarat BJP together. Later, when the latter became the Chief Minister, they continued working closely in shaping a new Gujarat.
Rupani… https://t.co/s7TjhP6AUR pic.twitter.com/g0kSH872b8
— Modi Story (@themodistory) June 15, 2025
दर्जी की तरह हमारी स्थिति एक जैसी
उन्होंने आगे बताया कि वो (पीएम नरेंद्र मोदी) गांधीनगर से हर शाम को हमारे साथ चुनाव की छोटी-छोटी बातें करते थे। चुनाव को लेकर क्या और कैसा चल रहा है। एक बार मैंने और अमित भाई ने कहा कि नरेंद्र भाई चुनाव को लेकर छोटी-छोटी बातें कर रहे हैं। अमित शाह ने एक अच्छा उदाहरण दिया था कि कोई दर्जी अपनी शादी के लिए तैयार होता है तो अपनी कोट की सिलाई भी खुद करता है, सिलाई का पूरा ध्यान वो खुद ही रखता है। हमारी स्थिति एक जैसी है।
छोटी-छोटी बातें ध्यान में रखते थे नरेंद्र मोदी
वीडियो में आगे विजय रूपाणी कहते हैं कि नरेंद्र मोदी अभी तक सबको चुनाव लड़वाते रहे हैं। छोटी-छोटी बातों की चिंता की थी। खुद दर्जी शादी करने के लिए निकला है यानी वो खुद चुनाव लड़ रहा है। नरेंद्र मोदी के ध्यान में छोटी-छोटी बातें रहती थीं। वो हमारे साथ सैर करते थे, तभी संगठन के नाते उन्होंने बहुत सारे चुनाव लड़वाए थे। चुनाव की भी जो छोटी-छोटी बातें रहती थीं, नरेंद्र भाई हमें मार्गदर्शित करते थे और हम चुनाव की जिम्मेदारी संभालते थे।
विमान हादसे में विजय रूपाणी का निधन
बता दें कि गुजरात के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में भाजपा के वरिष्ठ नेता और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का निधन हो गया था। रूपाणी एयर इंडिया की फ्लाइट एआई171 में सवार थे, जो अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट जा रही थी। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद यह विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पीएम मोदी ने उनके निधन के बाद परिवारवालों से मुलाकात की थी और उन्हें सांत्वना दी थी।

