Site icon Dainik Savera Times

CM Mann का ऐलान, जालंधर में बनेगा खेल यूनिवर्सिटी

मोहाली : पंजाब के मोहाली में गुरुवार से शुरु हुए दो दिवसीय ‘प्रोग्रेसिव इन्वेस्टर्स समिट-2023’ में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जालंधर में एक खेल यूनिवर्सिटी स्थापित करने का एलान किया। मान ने कहा कि देश के 75 प्रतिशत खेल सामान का निर्माण पंजाब में होता है। उन्होंने कहा कि जालंधर एक समय पर खेलों का केंद्र हुआ करता था लेकिन पिछली सरकारों की नीतियों के कारण यहां खेल सामान के निर्माण में कमी आई है। उन्होंने कहा कि जालंधर को फिर से खेलों का केंद्र बनाने के उद्देश्य से पंजाब सरकार यहां खेल यूनिवर्सिटी स्थापित करेगी।

शिखर सम्मेलन में शामिल होने आये कारोबारियों का स्वागत करते हुए मान ने कहा कि पंजाब मेहनती और पांच दरियाओं की धरती है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार यहां निवेशकों को अच्छा माहौल देगी इसलिए वे यहां बेफिक्र होकर निवेश करें। उन्होंने कहा कि पंजाब नई चीजों एवं तकनीक को बहुत जल्दी अपनाता है और यह उसके स्वभाव में है। मान ने कहा कि पहले पंजाब में एक ही राष्ट्रीय राजमार्ग हुआ करता था लेकिन वर्तमान में पंजाब में चार राष्ट्रीय उच्च मार्ग हैं और अधिकांश उद्योग इसके पास हैं। इसके अलावा यहां चार हवाईअड्डे हैं, जिनमें से दो अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे हैं। इसी तरह लुधियाना में हलवारा हवाई अड्डा शुरु किया जा रहा है।

Exit mobile version