Last Updated: October 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

DUSU President: आर्यन मान बने दिल्ली यूनिवर्सिटि छात्र संघ के प्रेसिडेंट… बहादुरगढ़ में खुशी की लहर

September 19, 2025

DUSU President: आर्यन मान बने दिल्ली यूनिवर्सिटि छात्र संघ के प्रेसिडेंट… बहादुरगढ़ में खुशी की लहर

DUSU Election Result 2025: झज्जर। दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव में इस बार हरियाणा के बेटे आर्यन मान ने प्रेसिडेंट पद पर शानदार जीत दर्ज की है। एबीवीपी के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ते हुए उन्होंने एनएसयूआई की प्रत्याशी जोशलीन को भारी मतों के अंतर से पराजित किया।

गृहनगर बहादुरगढ़ में जश्न का माहौल
आर्यन की इस जीत ने न केवल दिल्ली यूनिवर्सिटि के छात्रों में उत्साह भर दिया है, बल्कि उनके गृहनगर बहादुरगढ़ में भी जश्न का माहौल है। आर्यन मान हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ के रहने वाले हैं, और उनकी जीत के बाद बहादुरगढ़ की गलियों में ढोल-नगाड़ों की थाप गूंज उठी। लोगों ने लाल चौक पर पटाखे जलाए और मिठाई बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी।

May be an image of 1 person and text that says "DUSU इलेक्शन में दैनिक सवेरा ABVP ने मारी बाजी बहादुरगढ के आर्यन मान बने प्रेसिडेंट Savera हैनिक सवेरा ิง๕ た MIM-A WWW.DAINIKSAVERATIMES.COM www."

हरियाणा के छात्रों की आवाज बुलंद करेंगे मान
स्थानीय लोगों का कहना है कि आर्यन मान दिल्ली यूनिवर्सिटि में हरियाणा के छात्रों की आवाज बुलंद करेंगे। उनको उम्मीद है कि आर्यन छात्रों की शैक्षणिक समस्याओं को हल करने, कैरियर अवसर बढ़ाने और छात्र-हित से जुड़े मुद्दों को उठाने में अहम भूमिका निभाएंगे। बहादुरगढ़ नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष रवि खत्री भी जश्न में शामिल हुए और उन्होंने आर्यन की जीत पर नृत्य कर खुशी का इजहार किया।

आर्यन की मेहनत और नेतृत्व क्षमता ने छात्रों का विश्वास जीता
आर्यन मान की शैक्षणिक यात्रा भी बेहद प्रेरणादायक रही है। उन्होंने दिल्ली के प्रतिष्ठित हंसराज कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की और फिलहाल दिल्ली यूनिवर्सिटि से ही लाइब्रेरी साइंस में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रहे हैं। उनकी मेहनत और नेतृत्व क्षमता ने छात्रों का विश्वास जीता है। दिल्ली यूनिवर्सिटि में हरियाणा के छात्रों की संख्या काफी अधिक है और खासकर बहादुरगढ़ से हजारों छात्र यहां शिक्षा प्राप्त करने आते हैं। यही कारण है कि छात्र संघ चुनावों में हरियाणा के छात्र निर्णायक भूमिका निभाते हैं।

एनएसयूआई को केवल एक सीट पर ही करना पड़ा संतोष
आर्यन मान को न केवल बहादुरगढ़ और हरियाणा के छात्रों का समर्थन मिला, बल्कि दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और अन्य राज्यों के छात्रों ने भी उन्हें भरपूर समर्थन दिया। यही व्यापक समर्थन उनकी जीत की बड़ी वजह बना। इस बार के चुनाव परिणाम में एबीवीपी ने तीन सीटों पर जीत दर्ज कर अपनी मजबूती साबित की, जबकि एनएसयूआई को केवल एक सीट पर संतोष करना पड़ा।

जीत के बाद एबीवीपी के तीनों विजयी प्रत्याशी पारंपरिक तरीके से जुलूस निकालते हुए दिल्ली यूनिवर्सिटि के आर्ट फैकल्टी पहुंचे। वहां उन्होंने विवेकानंद मूर्ति पर माल्यार्पण कर अपनी जीत को छात्रों को समर्पित किया और छात्रों के बीच जीत का जश्न मनाया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें