Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

ASI Murder Case : ‘अपराधी जिस भाषा में समझना चाहते हों, उसी भाषा में उन्हें समझाया जाए’

March 15, 2025

ASI Murder Case : ‘अपराधी जिस भाषा में समझना चाहते हों, उसी भाषा में उन्हें समझाया जाए’
Munger ASI Murder Case: पटना। बिहार के मुंगेर जिले के नंदलालपुरा गांव में पुलिस अधिकारी संतोष कुमार की धारदार हथियार से वारकर हत्या मामले में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि इस मामले में दोषियों को स्पीडी ट्रायल चलाकर सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने इस घटना को दुखद बताते हुए कहा कि होली के पर्व पर जिस तरह से यह दुस्साहस का कार्य किया गया है, वह बिल्कुल भी माफी लायक नहीं है। सरकार इस मामले में पूरी कार्रवाई करेगी। असुर जैसी मानसिकता वाले लोगों को कुचलने के लिए एनडीए का निर्माण हुआ था। ऐसे लोग बख्शे नहीं जाएंगे। पूरी गंभीरता से सरकार काम करेगी। उन्होंने कहा कि अब जरूरत है कि अपराधी जिस भाषा में समझना चाहते हों, उसी भाषा में उन्हें समझाया जाए। अब जरूरत है अपराधियों को कुचला जाए।

इधर, तीन दिन में दो पुलिस अधिकारियों की हत्या पर विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था की हालत चौपट हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अचेत अवस्था में हैं। तीन दिनों के अंदर दो पुलिस अधिकारियों की हत्या हो चुकी है। बिहार में महाजंगलराज कायम हो गया है। कानून व्यवस्था की प्रतिदिन अपराधी धज्जियां उड़ा रहे हैं। जब इस राज्य में पुलिस वाले ही सुरक्षित नहीं रहे तो आम लोग तो भगवान के ही भरोसे हैं।

उल्लेखनीय है कि मुंगेर जिले में एक सहायक अवर निरीक्षक (ASI) की हत्या कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात पुलिस को सूचना मिली कि नंदलालपुर के पास दो पक्ष आपस में किसी बात को लेकर मारपीट कर रहे हैं। इसी सूचना पर 112 वाहन पर तैनात एएसआई संतोष कुमार दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। झगड़ा कर रहे दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश कर ही रहे थे कि एक व्यक्ति ने तेज धार हथियार से उन पर हमला कर दिया। घायल पुलिस अधिकारी संतोष कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई।

दो दिन पहले बिहार के अररिया जिले में पुलिस पदाधिकारी राजीव रंजन की ग्रामीणों के साथ हुई झड़प में मौत हो गई थी। पुलिस टीम एक गांव में अपराधियों को पकड़ने के लिए गई थी, इसी क्रम में हुई झड़प में पुलिस अधिकारी गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें