Dainik Savera Times

Asian Games: भारत की अन्नू रानी ने एशियाई खेलों में इतिहास रचते हुए भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता

भारत की अन्नू रानी ने हांगझोऊ एशियाई खेलों में इतिहास रचते हुए भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण जीता है। अपने चौथे प्रयास में सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए उन्होंने 62.92 मीटर भाला फेंका। श्रीलंका की नदीशा दिलहान ने रजत पदक जीता। इसी के साथ अन्नू एशियाड में जेवलिन थ्रो में स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय महिला एथलीट बन गई हैं। 72 साल में ऐसा पहली बार हुआ है जब एशियाई खेलों में महिलाओं के भाला फेंक में किसी भारतीय ने स्वर्ण जीता है। फाइनल में अन्नू ने सीजन बेस्ट प्रदर्शन किया। फाइनल में सभी एथलीट को छह प्रयास दिए जाते हैं।

इनमें से सर्वश्रेष्ठ प्रयास को काउंट किया जाता और उसी के आधार पर मेडल तय किए जाते हैं। अन्नू का पहला प्रयास 56.99 मीटर का रहा, दूसरा प्रयास 61.28 मीटर का रहा और तीसरा प्रयास 59.24 मीटर का रहा। तब तक वह दूसरे स्थान पर चल रही थीं। इसके बाद चौथे प्रयास में अन्नू ने 62.92 मीटर दूर भाला फेंका और स्वर्ण पदक तय कर दिया। उनका पांचवां प्रयास 57.66 मीटर और आखिरी प्रयास फाउल रहा। श्रीलंका की दिलहान नदीशा 61.57 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ दूसरे स्थान पर रहीं और रजत जीता। वहीं, चीन की हुईहुई ल्यू 61.29 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

Exit mobile version