Site icon Dainik Savera Times

Assembly bypolls Election : चार राज्यों के 5 विधानसभा सीटों पर वोटिंग शुरू… जानिए कब आएगा रिजल्ट

नेशनल डेस्क : देश के चार राज्यों केरल, पंजाब, पश्चिम बंगाल और गुजरात में आज विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। ये उपचुनाव उन सीटों पर हो रहे हैं जो या तो किसी विधायक के निधन या इस्तीफे के कारण खाली हुई थीं। उपचुनाव के लिए सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है और यह शाम 6 बजे तक चलेगा। मतगणना 23 जून को होगी। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट

आपको बता दें कि पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर उपचुनाव आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के निधन के बाद हो रहा है। यह सीट आप और अरविंद केजरीवाल के लिए प्रतिष्ठा का विषय बन गई है। इस सीट से आप ने राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को उतारा है। उनके मुकाबले में कांग्रेस के भारत भूषण आशु, बीजेपी के जीवन गुप्ता और अकाली दल के पारुपकर सिंह घुम्मन मैदान में हैं। यहां मुकाबला तीन प्रमुख पार्टियों के बीच कांटे का माना जा रहा है।

गुजरात की दो सीटों पर भी सियासी घमासान

गुजरात की दो सीटों – कडी और विसावदर पर भी उपचुनाव हो रहे हैं। कडी सीट बीजेपी विधायक करसनभाई सोलंकी के निधन के कारण खाली हुई थी। बीजेपी ने यहां से राजेंद्र चावड़ा, कांग्रेस ने रमेश चावड़ा और आप ने जगदीश चावड़ा को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, विसावदर सीट पर उपचुनाव तब हुआ जब पूर्व विधायक भूपेंद्र भयानी ने आप छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया। इस सीट पर बीजेपी ने किरीट पटेल, कांग्रेस ने नितिन रणपरिया और आप ने गोपाल इटालिया को मैदान में उतारा है। इन दोनों सीटों पर भी मुकाबला बीजेपी, कांग्रेस और आप के बीच त्रिकोणीय बन गया है।

पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट, TMC की साख दांव पर

पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट टीएमसी विधायक नसीरुद्दीन अहमद के निधन के बाद खाली हुई। टीएमसी ने उनकी बेटी अलीफा अहमद को टिकट दिया है, जिससे पार्टी महिला और अल्पसंख्यक वोटरों को लुभाने की कोशिश कर रही है। उनके सामने बीजेपी के आशीष घोष और कांग्रेस-वाम गठबंधन के काबिल उद्दीन शेख हैं। यहां भी मुकाबला त्रिकोणीय है और टीएमसी अपनी सत्ता बरकरार रखने की पूरी कोशिश में है।

केरल की नीलांबुर सीट: वाम मोर्चे की परीक्षा

केरल की नीलांबुर सीट पर भी उपचुनाव हो रहा है। यह सीट विधायक पी.वी. अनवर के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। यहां का चुनाव वाम मोर्चे के लिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि यह सीट उनकी परंपरागत ताकत का क्षेत्र रही है। यहां भी प्रमुख दलों के बीच मुकाबला कड़ा है।

मतदान शांतिपूर्ण, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

चारों राज्यों में उपचुनाव शांतिपूर्ण ढंग से चल रहे हैं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। लोग उत्साह से वोट डालने के लिए पहुंच रहे हैं और चुनाव आयोग स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।

Exit mobile version