Site icon Dainik Savera Times

जम्मू-कश्मीर में वातावरण है अच्छा, BJP की बन रही सरकार : CM Mohan Yadav

CM Mohan Yadav

CM Mohan Yadav

भोपाल : जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के तहत दूसरे चरण के लिए मतदान किया जा रहा है। सुबह से ही वोटरों की लंबी-लंबी कतारें मतदान केंद्रों पर देखने को मिल रही हैं। लोगों में वोट देने के लिए गजब का उत्साह है। विधानसभा चुनाव लड़ रहे राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी वोटरों से वोट देने की अपील की है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, कि ‘आज जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान हो रहा है। मैं अपने सभी मतदाता भाई-बहनों और युवाओं से अपील करता हूं कि अपने नागरिक कर्तव्यों का निर्वहन करें और अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें, ताकि जम्मू-कश्मीर के नवनिर्माण का सपना साकार और आपके साथ आपके बच्चों के उज्‍जवल भविष्य का मार्ग प्रशस्त हो सके।’

वहीं, भोपाल में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, ’जम्मू-कश्मीर में लगभग 10 साल बाद चुनाव हो रहे हैं। वहां मैंने चुनावी सभाएं की हैं। मैं कह सकता हूं कि वहां अच्छा वातावरण बना हुआ है। हमारे लिए खुशी की बात है कि आर्टकिल 370 खत्म होने के बाद विधानसभा के चुनाव हो रहे हैं। निश्चित रूप से भाजपा की सरकार बनेगी।‘ उन्होंने कहा कि भारत को शक्तिशाली, समृद्ध बनाने के लिए हम सभी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संकल्प लेना चाहिए।

बता दें कि जम्मू-कश्मीर में दूसरे चरण के लिए हो रहे मतदान को लेकर सुरक्षा के पुख्ते इंतजाम किए गए हैं। जिससे वोटरों को वोट देने के लिए किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। दूसरे चरण के तहत कश्मीर के तीन जिलों की 15 सीट और जम्मू के तीन जिलों की 11 सीट पर मतदान हो रहा है। इन 26 सीटों पर 239 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला यहां की जनता करेगी।

Exit mobile version