नेशनल डेस्क: दिल्ली सरकार ने सोमवार को बुजुर्गों के लिए एक बड़ी स्वास्थ्य योजना शुरू की है। इस योजना का नाम है ‘आयुष्मान वय वंदना योजना’। इसके तहत दिल्ली में रहने वाले 70 साल या उससे ज्यादा उम्र के सभी नागरिकों को हर साल 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा।
यह योजना केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार दोनों की मिलकर चलाई जा रही है। इसमें केंद्र की प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के तहत 5 लाख रुपये, और दिल्ली सरकार की तरफ से 5 लाख रुपये तक का इलाज मुफ्त में मिलेगा।
सभी 70+ बुजुर्गों को मिलेगा लाभ -चाहे अमीर हों या गरीब
इस योजना का लाभ दिल्ली के हर बुजुर्ग को मिलेगा, चाहे वह अमीर हो या गरीब। इसका मकसद बुजुर्गों को आर्थिक चिंता के बिना इलाज की सुविधा देना है।
मिलेगा खास ‘स्वास्थ्य कार्ड’
हर रजिस्ट्रेशन कराने वाले बुजुर्ग को एक ‘आयुष्मान वय वंदना स्वास्थ्य कार्ड’ दिया जाएगा। इस कार्ड में उनके सभी जरूरी मेडिकल रिकॉर्ड, जांच रिपोर्ट और इमरजेंसी से जुड़ी जानकारी स्टोर रहेगी। साथ ही, योजना के तहत बुजुर्गों के सभी मेडिकल टेस्ट बिल्कुल मुफ्त होंगे।
कहां और कैसे करें रजिस्ट्रेशन?
दिल्ली सरकार ने रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रजिस्ट्रेशन कराने के लिए आप इन जगहों पर जा सकते हैं:
– बीजेपी के विधायक या पार्षदों के दफ्तर
– जिला मजिस्ट्रेट (DM) और उप-जिला मजिस्ट्रेट (SDM) के ऑफिस
रजिस्ट्रेशन के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट्स:
1. आधार कार्ड
2. आधार से लिंक किया हुआ एक्टिव मोबाइल नंबर
3. पासपोर्ट साइज फोटो
4. आप दिल्ली के निवासी होने चाहिए
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने एक कार्यक्रम में पहले लाभार्थियों को कार्ड देकर योजना की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि “बुजुर्गों की सेवा हमारी प्राथमिकता है।”

