Site icon Dainik Savera Times

KIIT University में मृत मिली B.Tech की छात्रा, स्टूडेंट्स ने किया हंगामा… यूनिवर्सिटी ने दिखाया घर का रास्ता

नेशनल डेस्क : ओडिशा के एक बड़े यूनिवर्सिटी से बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, यहां एक बीटेक तृतीय वर्ष की छात्रा ने अपने कमरे में आत्महत्या कर लिया है। इस बात की जानकारी ओडिशा पुलिस के द्वारा दी गई है। जिसके बाद यूनिवर्सिटी के द्वारा छात्रावास को पूरी तरह से बंद करके छात्रों को अपने घर लौटने को कहा है। आइए जानते इस खबर को विस्तार से…

नेपाल की रहने वाली थी छात्रा 

ओडिशा में कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी ( KIIT University) में बीटेक तृतीय वर्ष की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई । विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार ने बताया कि यह छात्रा नेपाल की रहने वाली थी। पुलिस ने बताया कि छात्रा ने आत्महत्या कर लिया है। सूत्रों के अनुसार, छात्रा केआईआईटी में पढ़ने वाले एक अन्य छात्र से प्रेम संबंध रखती थी। इस संबंध को लेकर कुछ विवाद या तनाव हो सकता है, हालांकि इस बारे में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

KIIT University ने पुलिस को किया सूचित

घटना की सूचना के बाद, विश्वविद्यालय प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने नेपाल के छात्रों के बीच तनाव को महसूस करते हुए उनसे बातचीत की। स्थिति को शांतिपूर्ण रखने के लिए, विश्वविद्यालय ने नेपाल के छात्रों को उनके घर भेजने का निर्णय लिया। बता दें कि विश्वविद्यालय नोटिस जारी करते हुए कहा कि संस्थान को नेपाल के सभी अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिया गया है और उन्हें आज 17 फरवरी को तुरंत विश्वविद्यालय परिसर खाली करने का निर्देश दिया गया है।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस तैनात

विश्वविद्यालय परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की दो टुकड़ियां तैनात की गई हैं। इनमें से एक टुकड़ी में 30 जवान शामिल हैं। पुलिस ने छात्रा के कमरे को सील कर दिया है और शव को उसके माता-पिता के आने तक शवगृह में रखवा दिया है। इस मामले की आगे की जांच की जा रही है, ताकि छात्रा की मौत के सही कारणों का पता चल सके। विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस दोनों इस मामले को गंभीरता से देख रहे हैं।

हॉस्टल से निकालने का आदेश

नेपाल के छात्र अनिल प्रसाद यादव और राजन गुप्ता समेत कई अन्य नेपाल के छात्रों ने आरोप लगाया है कि उन्हें केआईआईटी के हॉस्टल से अचानक बाहर निकाल दिया गया। अनिल ने बताया कि “आज हमें हॉस्टल से बाहर निकाल दिया गया। कल नेपाल की एक लड़की मृत पाई गई, और इस बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए हम अंतर्राष्ट्रीय कार्यालय गए, लेकिन हमें कुछ नहीं बताया गया।” छात्र ने यह भी कहा कि उन्हें बिना किसी स्पष्ट जानकारी के रातभर धरने पर बैठना पड़ा और फिर एक घंटे के भीतर अपना सामान समेटने को कहा गया।

समस्या और असुविधाएं

अनिल ने आगे कहा, “हमारे पास कुछ भी नहीं है। हमें नहीं पता कि हम कैसे जाएंगे, हमने खाना भी नहीं खाया है, और अब टिकट लेने की कोशिश कर रहे हैं।” इसके साथ ही, राजन गुप्ता ने भी इसी तरह की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा, “हमें लड़की के लिए प्रदर्शन करने की अनुमति दी जा रही थी, लेकिन फिर हमें जबरन हॉस्टल खाली करने के लिए मजबूर किया गया।” उन्होंने यह भी बताया कि ट्रेन का कोई तय शेड्यूल नहीं था और उनके पास यात्रा के लिए पैसे भी नहीं थे।

हॉस्टल में मारपीट और धमकियां

राजन गुप्ता ने आरोप लगाया कि उन्हें और उनके साथियों को हॉस्टल से खाली करने के लिए दबाव डाला गया और जो छात्र जल्दी से हॉस्टल खाली नहीं कर रहे थे, उन्हें मारपीट भी की गई। उन्होंने कहा, “स्टाफ के सदस्य हॉस्टल में घुस आए, हमें खाली करने के लिए मजबूर किया और जो लोग जल्दी से जल्दी नहीं खाली कर रहे थे, उन्हें मारा भी।”

निलंबन और दबाव

नेपाल के छात्रों को बताया गया कि उनका निलंबन कर दिया गया है और उन्हें जल्द से जल्द हॉस्टल खाली करना होगा। इस पूरी स्थिति से छात्रों में निराशा और असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है, क्योंकि उन्हें न तो उचित जानकारी दी जा रही है और न ही किसी प्रकार का समर्थन मिल रहा है।

Exit mobile version