Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘आज बालासाहेब ठाकरे होते तो पीएम मोदी को गले लगाते’, अमित शाह का उद्धव ठाकरे पर निशाना

May 26, 2025

‘आज बालासाहेब ठाकरे होते तो पीएम मोदी को गले लगाते’, अमित शाह का उद्धव ठाकरे पर निशाना
नेशनल डेस्क: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह महाराष्ट्र के दौरे पर रहे। उन्होंने नांदेड़ में एक ‘शंखनाद रैली’ को संबोधित करते हुए कहा कि अगर आज बालासाहेब ठाकरे होते तो ऑपरेशन सिंदूर के लिए पीएम मोदी की सराहना करते और मोदी को गले लगाते। शाह ने सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल की रवानगी पर शिवसेना (UBT) के बयान पर पलटवार करते हुए यह बातें कहीं।

अमित शाह ने कहा कि मुझे पता नहीं कि उद्धव ठाकरे की पार्टी को क्या हो गया है। वे प्रतिनिधिमंडल को बारात कह रहे हैं लेकिन उनके सदस्य भी इसका हिस्सा हैं। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पीएम मोदी ने सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का गठन किया, जो विभिन्न देशों का दौरा कर पाकिस्तान के आतंकवाद चेहरे को बेनकाब करेगा।

आतंकी कहीं भी छिपे हों, उन्हें खोजकर मिट्टी में मिला देंगे
शाह महाराष्ट्र के नांदेड़ में एक ‘शंखनाद रैली’ को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘ऑपरेशन सिंदूर ने न केवल पाकिस्तान बल्कि दुनिया को यह संदेश दिया है कि कोई भी भारत की सेना, भारत की जनता और भारत की सीमा के साथ छेड़खानी नहीं कर सकता, अन्यथा नतीजे भुगतने होंगे।’’ पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों द्वारा किए गए पहलगाम हमले को कायराना कृत्य बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पटना में कहा था कि आतंकी कहीं भी छिपे हों, उन्हें खोजकर मिट्टी में मिला दिया जाएगा।

पाकिस्तान की मिसाइलें भारत की धरती को छू न सकीं
गृह मंत्री ने कहा, ‘‘पाकिस्तान भूल गया कि 11 साल पहले कांग्रेस की सरकार थी, जो अब बदल गई है। हमने उरी, पुलवामा और पहलगाम हमलों का जवाब दिया और आतंकी ठिकानों पर हमला किया।’’ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि 6-7 मई की रात को 22 मिनट में नौ आतंकी शिविरों को नष्ट कर दिया गया, वहीं भारत की वायु रक्षा प्रणाली ने सुनिश्चित किया कि पाकिस्तान की मिसाइलें और ड्रोन देश की धरती को छू न सकें। उन्होंने कहा कि 9 मई को भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान की वायु रक्षा प्रणाली को नष्ट कर दिया।

व्यापार और आतंकवाद एक साथ नहीं चल सकते
उन्होंने कहा, ‘‘मोदीजी ने घोषणा की है कि अगर निर्दोष भारतीय नागरिकों का खून बहाया गया तो जवाबी कार्रवाई की जाएगी। अगर हमारी महिलाओं के सिंदूर को नुकसान पहुंचाया गया, तो जवाब और भी जोरदार होगा।’’ भारत ने पाकिस्तान के साथ सभी तरह के व्यापार को भी खत्म कर दिया है।  उन्होंने कहा, ‘‘मोदी ने कहा है कि व्यापार और आतंकवाद एक साथ नहीं चल सकते।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें