Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

Bharat Ratna: कर्पूरी ठाकुर, चौधरी चरण सिंह, नरसिम्हा राव और एमएस स्वामीनाथन को दिया गया भारत रत्न सम्मान

March 30, 2024

Bharat Ratna: कर्पूरी ठाकुर, चौधरी चरण सिंह, नरसिम्हा राव और एमएस स्वामीनाथन को दिया गया भारत रत्न सम्मान

Bharat Ratna: नई दिल्ली। राष्ट्रपति भवन में शनिवार को आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश की चार महान हस्तियों – बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर, देश के पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव एवं चौधरी चरण सिंह और देश के प्रसिद्ध कृषि वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन को भारत रत्न से सम्मानित किया। इन चारों विभूतियों को मरणोपरांत यह सम्मान दिया गया है।

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के सबसे बड़े सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया। केंद्र की मोदी सरकार द्वारा उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न सम्मान देने की घोषणा की गई थी। शनिवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर के पुत्र रामनाथ ठाकुर ने यह सम्मान प्राप्त किया।

देश के पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव को भी मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया। उनके पुत्र पीवी प्रभाकर राव ने राष्ट्रपति से यह सम्मान प्राप्त किया। वहीं देश के एक और पूर्व प्रधानमंत्री एवं किसानों के मसीहा माने जाने वाले चौधरी चरण सिंह को को भी मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में उनके पोते जयंत चौधरी ने यह सम्मान प्राप्त किया।

देश के प्रसिद्ध कृषि वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन को भी (मरणोपरांत) भारत रत्न से सम्मानित किया गया। उनकी बेटी नित्या राव ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से यह सम्मान प्राप्त किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित केंद्र सरकार के कई मंत्री एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। लाल कृष्ण आडवाणी को भी भारत रत्न से सम्मानित किया जाना है। बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आडवाणी के घर जाकर उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करेंगी। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई अन्य महत्वपूर्ण व्यक्ति भी मौजूद रह सकते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें