Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

Bharat Tex 2024 : PM Modi ने कपड़ा क्षेत्र को हरसंभव सहयोग देने का किया वादा

February 26, 2024

Bharat Tex 2024 : PM Modi ने कपड़ा क्षेत्र को हरसंभव सहयोग देने का किया वादा

नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कपड़ा क्षेत्र को पूरा सहयोग देने का वादा किया और साथ ही इस बात पर बल दिया कि यह क्षेत्र 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। भारत 2047 में आजादी के 100 साल पूरे करेगा। पीएम मोदी ने ‘भारत टेक्स 2024’ का उद्घाटन करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में कपड़ा क्षेत्र के योगदान को और बढ़ाने के लिए सरकार बहुत व्यापक स्तर पर काम कर रही है। ‘भारत टेक्स’ देश में आयोजित सबसे बड़े वैश्विक कपड़ा कार्यक्रमों में से एक है।

पीएम मोदी ने कहा, कि हमने अगले 25 साल में भारत को विकसित राष्ट्र में बदलने का संकल्प लिया है। विकसित भारत के चार महत्वपूर्ण स्तंभ- गरीब, युवा, किसान और महिलाएं हैं। विशेष रूप से, भारत का कपड़ा क्षेत्र इन सभी स्तंभों से जुड़ा हुआ है। इसलिए ‘भारत टेक्स’ जैसा आयोजन हम सभी के लिए बहुत महत्वपूर्ण हो जाता है। उन्होंने कहा कि 2014 में भारत के कपड़ा बाजार का मूल्यांकन सात लाख करोड़ रुपए से भी कम था, जबकि अब यह 12 लाख करोड़ रुपए को पार कर गया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 10 साल धागा, कपड़े और परिधान के उत्पादन में 25 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। सरकार का कपड़ा क्षेत्र में गुणवत्ता नियंत्रण पर पूरा ध्यान है। पीएम मोदी ने कहा, कि हमारी सरकार आपके सभी प्रयासों में आपका सहयोग करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ‘भारत टेक्स 2024’ में कपड़ा छात्र, बुनकर, कारीगर और कपड़ा श्रमिकों के अलावा नीति निर्माता और वैश्विक सीईओ, 3,500 से अधिक प्रदर्शक, 100 से अधिक देशों के 3,000 से अधिक खरीदार और 40,000 से अधिक व्यापारिक आगंतुकों के भाग लेने की उम्मीद है। पीएम माेदी ने कहा कि टेक्सटाइल के अलावा खादी ने भी, हमारे भारत की महिलाओं को नई शक्ति दी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें