Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

बड़ा हादसाः Agra-Lucknow Expressway पर बस और टैंकर की टक्कर, 18 लोगों की मौत, हेल्पलाइन नंबर जारी

July 10, 2024

बड़ा हादसाः Agra-Lucknow Expressway पर बस और टैंकर की टक्कर, 18 लोगों की मौत, हेल्पलाइन नंबर जारी

उन्नाव। उन्नाव जिले में बुधवार को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बस और टैंकर की टक्कर में 18 लोगों की मौत हो गई और 19 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि घटना तड़के करीब पांच बजे बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में जोजीकोट गांव के पास हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना पर दुख प्रकट किया है। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि बिहार के सिवान से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस तेज रफ्तार में थी और उसने दूध के टैंकर को पीछे से टक्कर मार दी। इससे पहले कहा गया था कि टैंकर ने बस को टक्कर मारी थी। जिलाधिकारी ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) एसबी शिरोडकर ने बताया कि दुर्घटना में 18 लोगों की मौत हो गई जिनमें 14 पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। उन्होंने बताया कि हादसे में 19 लोग घायल हो गये हैं।


क्षेत्रधिकारी बांगरमऊ अरविंद कुमार ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और टैंकर दोनों पलट गये। उन्होंने बताया कि जान गंवाने वालों में दोनों वाहन के चालक भी शामिल हैं। कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची बांगरमऊ कोतवाली और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की टीम ने बस में फंसे लोगों को बाहर निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘उन्नाव में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।’’ उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

सुबह पांच बजे हुआ हादसा
बेहटा मुजावर पुलिस ने बताया कि यह हादसा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सुबह लगभग 5:15 बजे हुआ। बिहार से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस के दूध के टैंकर से टक्कर होने से 18 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने सभी घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए सीएचसी बांगरमऊ में भर्ती कराया है। शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

हेल्पलाइन नंबर जारी
पुलिस ने इस संबंध में हेल्पलाइन नंबर जारी किये हैं। बस यात्रियों के परिजन 0515-2970767, 9651432703, 9454417447, 8887713617 और 8081211289 पर संपर्क कर सकते हैं।

मृतकों की ये हुई पहचान
मृतकों में दो की पहचान दीपक कुमार (27) थाना शिवहर बिहार और शिव दयाल (28) निवासी मकसूदपुर थाना शिवहर बिहार के तौर पर की गयी है जबक घायलों में दिलशाद (22) निवासी थाना मोदीपुरम जनपद मेरठ, बीटू (9) थाना भादूर जनपद शिवहर, बिहार,रजनीश निवासी थाना श्यामपुर मटहा जनपद शिवहर बिहार,लालबाबू दास निवासी थाना हिरागा जनपद शिवहर, बिहार, रामप्रवेश कुमार , भरत भूषण कुमार मो सद्दाम,निवासी गमरोली थाना शिवहर, बिहार, शबाना ,चाँदनी निवासी शिवोली, मुलहारी, मो शकील निवासी बस्ती ख्वाजा कमला मार्केट दिल्ली, मुन्नी खातून , तौफीक आलम,साहिल निवासी डोल्डी मोदीनगर मेरठ, कुममामान निवासी नबीकरीब थाना पेनाटा दिल्ली, सलीम थाना पिपरा सिटी जनपद मोतीहारी बिहार,सनामा निवासी भजनपुरा दिल्ली,राज ठिवसा प्रसाद निवासी जमुआ थाना बगिनिया जनपद सीतामढ़ी,उरसेद निवासी चांदनी चौक दिल्ली और संतोष कुमार थाना पिपरानी जिला शिवहर बिहार शामिल हैं।


खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें