Punjab Flood : पंजाब में लगातार हो रही बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर ने कई जिलों में बाढ़ का संकट खड़ा कर दिया है। खासकर सीमावर्ती इलाकों में स्थिति गंभीर बनी हुई है। ऐसे हालात में मुख्यमंत्री भगवंत मान लगातार ज़मीनी हालात की निगरानी कर रहे हैं और प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे हैं।
सीएम भगवंत मान करेंगे फिरोजपुर का दौरा
मुख्यमंत्री भगवंत मान आज फिरोजपुर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। वे यहां हालात का जायजा लेंगे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे। प्रशासन द्वारा बनाए गए राहत शिविरों में रह रहे लोगों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान का आश्वासन देंगे।
राहत कैंप में मुलाकात
फिरोजपुर के बॉर्डर गांवों में पानी घुसने से कई परिवार बेघर होकर सरकारी स्कूलों में बनाए गए राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। मुख्यमंत्री मान सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बारेके में बने राहत कैंप का दौरा करेंगे और वहां रह रहे लोगों से सीधा संवाद करेंगे। यहां ठहरे लोगों की ज़रूरतों और सुविधाओं का भी जायजा लेंगे।
जेसीपी हुसैनीवाला का दौरा
राहत कैंपों के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री जेसीपी हुसैनीवाला का भी दौरा करेंगे। यहां वे बाढ़ की स्थिति और बॉर्डर के समीप जलभराव से उत्पन्न हालात का आकलन करेंगे। सीमा क्षेत्र में बाढ़ का पानी पहुंचने से सुरक्षा और राहत कार्यों को लेकर सरकार सतर्क है।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
बाढ़ संकट से निपटने के लिए जिला प्रशासन और राहत एजेंसियां लगातार काम कर रही हैं। प्रभावित इलाकों में बचाव नौकाएं तैनात की गई हैं और मेडिकल टीमों को भी अलर्ट रखा गया है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।
सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने साफ किया है कि इस मुश्किल घड़ी में राज्य सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है। बाढ़ से प्रभावित लोगों की हर संभव मदद की जाएगी और राहत व पुनर्वास कार्यों में किसी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी।

