
नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी की उस टिप्पणी के जवाब में, जिसमें उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री वोटों के लिए “नाच भी सकते हैं”, मोदी ने कहा कि “नामदार लोग कामदार को गाली दिए बिना रह नहीं सकते।”
यह भी पढ़ें: ‘कांग्रेस और RJD छठी मैया का अपमान कर रहे’, मुजफ्फरपुर रैली से पीएम मोदी का हमला
पीएम मोदी ने कहा, “कल दोनों ने मोदी को गालियां दीं। जो नामदार हैं, वे कामदार को गाली देंगे ही। दलितों और पिछड़ों को गाली देना ये लोग अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं। उन्हें यह बर्दाश्त नहीं कि एक गरीब, पिछड़े परिवार का व्यक्ति, जिसने चाय बेची थी, आज इस मुकाम पर पहुंचा है।”
उन्होंने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को “दो युवराज” कहा, एक “भारत के सबसे भ्रष्ट परिवार का युवराज” और दूसरा “बिहार के सबसे भ्रष्ट परिवार का युवराज”। पीएम मोदी ने कहा, “दोनों ने बिहार में झूठे वादों की दुकान खोली हुई है और हज़ारों करोड़ के घोटालों में ज़मानत पर हैं।”
प्रधानमंत्री ने यह बातें बिहार की एक चुनावी रैली में कहीं, जहां उन्होंने राज्य में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों (6 और 11 नवंबर) के लिए प्रचार किया। नतीजे 14 नवंबर को घोषित होंगे। पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र और बिहार सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह समर्पित हैं।
पीएम मोदी ने कहा, “चाहे नरेंद्र हों या नीतीश, महिला सशक्तिकरण हमारी प्राथमिकता रही है। हमने गरीबों को पक्के घर दिए, नल का पानी, मुफ्त गैस कनेक्शन और राशन दिया ताकि हमारी बहनों की मुश्किलें कम हों।” उन्होंने कांग्रेस और राजद के पुराने शासन को “कट्टा, क्रूर, कटुता, कुशासन और भ्रष्टाचार” वाले शासन के रूप में बताया। पीएम मोदी ने कहा, “जहाँ कट्टा होता है, वहां क्रूरता और डर का माहौल होता है। यही राजद-कांग्रेस का चेहरा है।”