Site icon Dainik Savera Times

PF खाताधारकों के लिए बड़ी राहत, ऑटो क्लेम सेटलमेंट लिमिट 1 लाख से बढ़कर हुई ₹5 लाख, जानें क्या है EPFO का नया नियम

EPFO News : कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने पीएफ खाताधारकों को बड़ी राहत दी है। EPFO खाताधारकों को बड़ी राहत देते हुए एडवांस क्लेम की राशि को 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दी है। श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया ने मंगलवार को बताया कि EPFO ने ऑटो क्लेम (EPFO auto‑claim limit increase) की सीमा 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दी है। इसका मतलब है कि 7.4 करोड़ से अधिक ग्राहक अब बिना किसी और हस्तक्षेप के शिक्षा, बीमारी, विवाह और आवास के लिए 5 लाख रुपये तक रुपये ऑटो क्लेम के माध्यम से निकाल सकते हैं।

क्या बोले श्रम मंत्री?

केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया ने बताया कि  “अब 7.4 करोड़ से ज्यादा लोग ऑटो-क्लेम के जरिए बिना किसी दिक्कत के 5 लाख रुपये तक निकाल सकते हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि जैसे पहले ऑटो क्लेम तीन दिन में निपटते थे, वैसे ही अब 5 लाख तक के क्लेम भी तीन दिन के अंदर प्रोसेस हो जाएंगे।

कोविड के समय शुरू हुई थी ऑटो-क्लेम सुविधा

EPFO ने सबसे पहले कोरोना महामारी के समय यह ऑटो-क्लेम सिस्टम शुरू किया था, ताकि लोगों को फटाफट मदद मिल सके। अब इसे और बेहतर बनाते हुए इसकी सीमा बढ़ाई गई है।

दस्तावेजों की झंझट खत्म – अब चेक और पासबुक की जरूरत नहीं

EPFO ने प्रोसेस को और आसान करने के लिए कुछ और बदलाव भी किए हैं। अब कैंसिल चेक या पासबुक की फोटो अपलोड करने की जरूरत नहीं है। बैंक अकाउंट का वेरिफिकेशन अब बिना नियोक्ता (employer) की मदद के होगा।  इससे दस्तावेज रिजेक्ट होने की समस्या भी कम होगी और क्लेम जल्दी पास होगा।

इस फैसले से कौन लोग होंगे फायदे में?

इस फैसले से उन लाखों नौकरीपेशा लोगों को तुरंत फायदा होगा जिनको तुरंत पैसों की जरूरत होती है जैसे इलाज, बच्चों की पढ़ाई, शादी या घर खरीदने के लिए। जो ऑनलाइन प्रक्रिया से पैसा निकालना चाहते हैं बिना भाग-दौड़ के।

 EPFO का मकसद क्या है?

EPFO यानी कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के तहत काम करता है। इसका मकसद है कि संगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोगों का भविष्य सुरक्षित हो। उनके रिटायरमेंट के बाद की आर्थिक ज़रूरतें पूरी की जा सकें। हर महीने सैलरी का एक हिस्सा पीएफ खाते में जमा होता है, जो भविष्य में बहुत काम आता है।

 

Exit mobile version