Last Updated: October 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

Voter Adhikar Yatra में शामिल हुए लालू यादव और राहुल गांधी, बोले राहुल, बिहार में वोट चोरी की तैयारी

August 17, 2025

Voter Adhikar Yatra में शामिल हुए लालू यादव और राहुल गांधी, बोले राहुल, बिहार में वोट चोरी की तैयारी

नेशनल डेस्क। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज से बिहार में ‘वोट अधिकार यात्रा’ शुरू करने जा रहे हैं। यह यात्रा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध और लोगों को जागरूक करने के लिए निकाली जा रही है। यह यात्रा सासाराम से शुरू होगी और 16 दिन चलेगी। इसका समापन 1 सितंबर को पटना में एक बड़ी रैली के साथ होगा। इस दौरान यात्रा बिहार के 25 जिलों से होकर गुजरेगी। यात्रा में 20, 25 और 31 अगस्त को अवकाश रहेगा। इस यात्रा को इंडिया ब्लॉक का पूरा समर्थन मिला है। राहुल गांधी के साथ तेजस्वी यादव और लेफ्ट पार्टियों के नेता भी शामिल होंगे।

 

लालू यादव का भाजपा पर हमला

राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने कहा – “चोरों को हटाइए, भाजपा को भगाइए और हमें जिताइए। किसी भी कीमत पर भाजपा को सत्ता में मत आने दीजिए। राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, मल्लिकार्जुन खरगे और हम सबको एकजुट होकर भाजपा को उखाड़ फेंकना होगा। तभी लोकतंत्र बचाया जा सकेगा।”

 

मल्लिकार्जुन खरगे का बयान – “अंधे बहरे की सरकार”

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा – “प्रधानमंत्री ने लालकिले से कहा कि आरएसएस 100 साल से देश की सेवा कर रहा है, जबकि सच्चाई यह है कि आरएसएस आज़ादी के खिलाफ था। आज देश में अंधे और बहरे की सरकार है। यहां कोई किसी की सुनता नहीं, लोकतंत्र गूंगा हो गया है। अत्याचार होते हैं, लेकिन कोई बोलता नहीं। जनता इंतजार करती है कि कोई रक्षक आए और उसे बचाए। आज राहुल गांधी जनता के रक्षक बनकर आए हैं और तेजस्वी भी उनका साथ दे रहे हैं।”

 

राहुल गांधी का आरोप – “हमसे हलफनामा मांगा गया”

राहुल गांधी ने कहा –”जब हमने प्रेस कॉन्फ्रेंस में गड़बड़ियों की बात कही, तो चुनाव आयोग ने हमसे हलफनामा मांगा। भाजपा नेताओं से कभी हलफनामा नहीं मांगा जाता। चुनाव आयोग के पास खुद का डेटा है, लेकिन फिर भी हमसे सबूत मांगे जा रहे हैं। हमने उनसे सीसीटीवी फुटेज मांगी, लेकिन उन्होंने मना कर दिया।”

 

कन्हैया कुमार ने कसा तंज – “चुनाव आयोग खुद चुनाव लड़े”

कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने भी चुनाव आयोग पर हमला किया। उन्होंने कहा – “चुनाव आयोग लगातार कह रहा है कि वोटर लिस्ट में कोई गड़बड़ी नहीं है। लेकिन जब राहुल गांधी और विपक्ष गड़बड़ियों की जांच की मांग कर रहे हैं, तभी अचानक आयोग कहने लगा कि SIR गड़बड़ियां रोकने के लिए किया गया है। अब आयोग प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहा है। लगता है कि चुनाव लड़वाने की जगह आयोग खुद चुनाव लड़ना चाहता है।”

 

मंच पर मौजूद रहे बड़े नेता

सासाराम में आयोजित इस कार्यक्रम के मंच पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, लालू प्रसाद यादव, और अन्य बड़े नेता मौजूद रहे।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें