Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘बिहार में अपने दम पर चुनाव लड़ेगी आम आदमी पार्टी’, अरविंद केजरीवाल का बड़ा ऐलान

July 3, 2025

‘बिहार में अपने दम पर चुनाव लड़ेगी आम आदमी पार्टी’, अरविंद केजरीवाल का बड़ा ऐलान

नेशनल डेस्क: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज एक महत्वपूर्ण राजनीतिक बयान दिया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी और वहां सरकार बनाएगी।

हम बिहार में अकेले चुनाव लड़ेंगे

गुजरात दौरे पर गए केजरीवाल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, “हम बिहार में अकेले चुनाव लड़ेंगे, जीतेंगे और सरकार बनाएंगे। हमने पंजाब में यह करके दिखाया है, और वहां अगली बार भी हमारी सरकार बनेगी। गुजरात में भी हम चुनाव जीतकर सरकार बनाएंगे।”

केजरीवाल ने बिहार के चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और कहा, “बिहार में जो हो रहा है, वह सही नहीं है। लोकतंत्र में निष्पक्षता सबसे जरूरी है और चुनाव आयोग को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए निष्पक्ष भूमिका निभानी चाहिए।” केजरीवाल ने यह भी स्पष्ट किया कि, “लोकसभा चुनावों के लिए हम इंडिया गठबंधन के साथ हैं, लेकिन राज्य विधानसभा चुनाव में हम अलग से चुनाव लड़ेंगे।”

हमारा कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन नहीं: केजरीवाल 

अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को अहमदाबाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस की और गुजरात में अपनी पार्टी के विस्तार की योजना का ऐलान किया। इस दौरान उन्होंने बीजेपी और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। केजरीवाल ने कहा, “हमारा कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन नहीं है। विसावदर उपचुनाव में हमने कांग्रेस से अलग होकर चुनाव लड़ा और तीन गुना अधिक वोटों से जीत हासिल की। यह जनता का सीधा संदेश है कि अब विकल्प सिर्फ आम आदमी पार्टी है।”

बीजेपी ने पिछले 30 वर्षों में गुजरात को बर्बाद किया

केजरीवाल ने गुजरात की स्थिति पर भी टिप्पणी की और कहा, “बीजेपी ने पिछले 30 वर्षों में गुजरात को बर्बाद किया है। सूरत में आई बाढ़ बीजेपी के भ्रष्टाचार का नतीजा है। यहां के युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, और किसानों को यूरिया तक नहीं मिल रहा। सभी वर्गों में बीजेपी के खिलाफ गुस्सा है, लेकिन लोग कांग्रेस को भी नहीं पसंद करते क्योंकि उन्हें लगता है कि कांग्रेस बीजेपी के साथ मिलकर काम करती है।”

‘गुजरात जोड़ो अभियान’ की शुरुआत

केजरीवाल ने आगे कहा, “गुजरात में कांग्रेस का उम्मीदवार जीतने के बाद बीजेपी में शामिल हो जाता है। अब समय आ गया है जब लोग समझ चुके हैं कि बीजेपी को बाहर करना जरूरी है। हम आज से ‘गुजरात जोड़ो अभियान’ की शुरुआत कर रहे हैं और चुनाव में 2.5 साल बाकी हैं। हम गुजरात के हर घर तक पहुंचेंगे और युवाओं को भ्रष्टाचार मुक्त विकास के लिए आम आदमी पार्टी से जुड़ने का आह्वान करेंगे।” अंत में, केजरीवाल ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी का किसी से गठबंधन नहीं है, और आगामी विधानसभा चुनाव में वे अकेले ही मैदान में उतरेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें