
नेशनल डेस्क: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने तेजस्वी यादव और राहुल गांधी को लेकर बड़ा बयान दिया है। चिराग ने कहा कि अगर तेजस्वी और राहुल में हिम्मत है, तो वे एक बार बिहार विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करके दिखाएं। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, “लेकिन उनमें ऐसा करने की ताकत नहीं है, वे कभी ऐसा नहीं करेंगे।”
चिराग पासवान ने यह भी साफ कर दिया कि वह इस बार विधानसभा चुनाव किसी सामान्य (जनरल) सीट से लड़ेंगे और पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी ने प्रस्ताव दिया है कि मैं जनरल सीट से चुनाव लड़ूं, और मैं खुद भी विधानसभा चुनाव लड़ना चाहता हूं। हालांकि, इस पर आखिरी फैसला पार्टी लेगी कि इससे पार्टी को फायदा होगा या नहीं।
जब उनसे चुनाव रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर को लेकर सवाल किया गया तो चिराग ने उन्हें अपना अच्छा दोस्त बताया। उन्होंने कहा, “प्रशांत किशोर की जातिविहीन समाज और नई राजनीति की सोच मुझसे मिलती है। मैं भी जात-पात और धर्म से ऊपर उठकर लोगों को देखता हूं।”
बिहार की कानून व्यवस्था पर बोलते हुए चिराग ने कहा, “राज्य में कानून का राज होना चाहिए, अपराधियों का नहीं। मैंने पहले भी इस मुद्दे को उठाया है और आगे भी उठाता रहूंगा।”
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह चुनाव प्रचार में नीतीश कुमार के लिए काम करेंगे, तो चिराग ने जवाब दिया, “नीतीश हमारे गठबंधन के उम्मीदवार हैं।” उन्होंने आगे कहा कि अगर राज्य में कहीं कुछ गलत हो रहा है तो वे चुप नहीं बैठेंगे। कानून व्यवस्था राज्य सरकार की जिम्मेदारी है और इस पर ध्यान देना जरूरी है। नीतीश कुमार की सेहत पर चिराग ने कहा, “मेरी उनसे मुलाकात होती रहती है और मैं मानता हूं कि वे आज भी राज्य का नेतृत्व करने में सक्षम हैं। विपक्ष सिर्फ झूठा प्रचार करता है।”