Site icon Dainik Savera Times

‘पूरा यकीन, इस बार भी जनता मुझे ही चुनेंगी’, राघोपुर सीट से नामांकन दाखिल करने पर बोले तेजस्वी यादव

Tejashwi Yadav Attacks as Samrat Chaudhary Becomes CM Bihar News

Tejashwi Yadav Attacks as Samrat Chaudhary Becomes CM Bihar News

नेशनल डेस्क: बिहार में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं, और इसको लेकर सभी राजनीतिक दल जोर-शोर से तैयारी में लगे हैं। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बुधवार को अपने पुराने विधानसभा क्षेत्र राघोपुर से नामांकन दाखिल कर दिया है। इसके साथ ही उन्होंने एक बार फिर जीतने का भरोसा जताया है।

तेजस्वी यादव का बयान 

राघोपुर में पत्रकारों से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा, “राघोपुर की जनता ने मुझ पर पहले दो बार भरोसा किया है, और मुझे पूरा यकीन है कि इस बार भी वे मुझे ही चुनेंगे।” उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का मुख्य मकसद बेरोजगारी को खत्म करना, भ्रष्टाचार को दूर करना, और बिहार को एक बार फिर विकास की राह पर लाना है। तेजस्वी ने दावा किया कि राज्य की जनता मौजूदा सरकार से परेशान है और अब बदलाव चाहती है।

 

तेजस्वी ने आगे कहा कि उनकी पार्टी समेत पूरा महागठबंधन (Grand Alliance) पूरी मजबूती से 243 सीटों पर चुनाव लड़ रहा है और इस बार बिहार में सत्ता परिवर्तन तय है। तेजस्वी यादव ने राघोपुर सीट से नामांकन भी दाखिल कर दिया है। नामांकन के समय उनके साथ उनके पिता और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और माँ व पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी भी मौजूद थीं।

तेजस्वी यादव की सरकार जरूर बनेगी: मृत्युंजय तिवारी

इसी बीच राजद के वरिष्ठ नेता मृत्युंजय तिवारी ने भी तेजस्वी की तारीफ करते हुए कहा कि बिहार की जनता उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है। उन्होंने कहा, “महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है। कोई झगड़ा नहीं है, कोई भ्रम नहीं है। जनता का भारी समर्थन हमें मिल रहा है और तेजस्वी यादव की सरकार जरूर बनेगी।”

‘नैया डूबेगी अबकी बार’, एनडीए का मतलब

तिवारी ने वर्तमान एनडीए सरकार पर भी हमला बोला और कहा कि एनडीए में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। उन्होंने बताया कि उपेंद्र कुशवाहा और जीतन राम मांझी जैसे नेता भी सरकार से नाराज़ हैं और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद भी असंतुष्ट हैं।तिवारी ने चुटकी लेते हुए कहा, “अब एनडीए का मतलब हो गया है, ‘नैया डूबेगी अबकी बार’। बिहार को अब तेजस्वी यादव की सरकार चाहिए।”

दो चरणों में होंगे मतदान 

गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए मतदान दो चरणों में होगा। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होगा। दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा। मतदान के नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। इस चुनाव में 243 सीटों के लिए मतदान होगा और यह तय करेगा कि आने वाले समय में बिहार की सत्ता किसके हाथ में होगी।

Exit mobile version