Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

Bihar Election 2025: बिहार में दो चरणों में होंगे चुनाव, इलेक्शन कमीशन ने किया तारीखों का ऐलान

October 6, 2025

Bihar Election 2025: बिहार में दो चरणों में होंगे चुनाव, इलेक्शन कमीशन ने किया तारीखों का ऐलान

नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। उन्होंने बताया कि बिहार में दो चरणों में चुनाव कराए जाएंगे। पहला चरण की वोटिंग 6 नंबवर और दूसरा चरण की वोटिंग 11 नंबवर को होगी। पहले चरण में 121 सीटों और दूसरे चरण में 122 सीटों पर मतदान होगा। चुनाव आयोग के मुताबिक, बिहार में 14 तारीख को मतगणना की जाएगी।

इलेक्शन कमीशन ने उपचुनाव की तारीखों को भी ऐलान कर दिया है। चुनाव आयोग ने बताया कि जम्मू और कश्मीर, राजस्थान, झारखंड, तेलंगाना, पंजाब, मिज़ोरम और ओडिशा की आठ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव 11 नवंबर को होंगे जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी। ज्ञानेश कुमार ने कहा कि बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव आयोग इसके लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है, जिसकी दो मुख्य जिम्मेदारियां होती हैं, मतदाता सूची बनाना और चुनाव कराना।

 

नकदी रोकने के लिए सभी चौकियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी 

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा, “विश्वास बहाली के उपाय के रूप में CAPF को पहले से तैनात किया जाएगा। सभी अधिकारियों को पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से काम करना है। अगर किसी भी माध्यम या प्लेटफ़ॉर्म पर कोई फर्जी खबर या गलत सूचना है, तो उसका खंडन किया जाएगा। ड्रग्स, शराब और नकदी के लेन-देन को रोकने के लिए सभी चौकियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।”

कैसे बनी मतदाता सूची?

जून 2025 से SIR (Special Intensive Revision) प्रक्रिया शुरू की गई, जिसमें मतदाता सूची की पूरी जांच और सफाई की गई। 1 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी हुई और सभी राजनीतिक दलों को दी गई। 1 सितंबर तक लोगों को इसमें सुधार, आपत्ति और नाम जुड़वाने या हटवाने का मौका मिला। इसके बाद जांच कर अंतिम मतदाता सूची 30 सितंबर 2025 को जारी कर दी गई। अगर किसी का नाम अभी भी छूट गया है, तो वह नामांकन के 10 दिन पहले तक नाम जुड़वा सकता है।

 


SIR को लेकर क्या बोले CEC?

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि SIR को लेकर सोशल मीडिया पर कई बातें हुईं, लेकिन असल में इसकी मांग राजनीतिक दलों ने खुद की थी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चुनाव पारदर्शी और शांतिपूर्ण होंगे।

बिहार में कुल कितने वोटर हैं?

कुल मतदाता 7.43 करोड़ मतदाता है, जिनमें पुरुष 3.92 करोड़, महिलाएं 3.50 करोड़, ट्रांसजेंडर 1,725 और दिव्यांग मतदाता 7.2 लाख हैं। वहीं, 85 वर्ष से ऊपर के वरिष्ठ नागरिक 4.04 लाख, 100 साल से ज्यादा उम्र वाले वोटर 14,000 हैं। इसके अलावा सेना और सरकारी सेवा के वोटर (सर्विस वोटर) 1.63 लाख, युवा वोटर (20-29 वर्ष के बीच) 1.63 करोड़ है और जो पहली बार वोट डालने वाले (18-19 साल) 14.01 लाख हैं।

 

मतदान केंद्रों की स्थिति

बिहार में कुल मतदान केंद्र 90,712 है। इनमें ग्रामीण क्षेत्र में 76,801, शहरी क्षेत्र में 13,911 केंद्र हैं। हर केंद्र पर औसतन 818 वोटर हैं। सभी मतदान केंद्रों पर 100% वेबकास्टिंग होगी। 1,350 मॉडल मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां मतदाताओं को बेहतर सुविधा मिलेगी। मुख्य चुनाव आयुक्त ने अंत में कहा कि चुनाव आयोग पूरी तैयारी के साथ चुनाव कराने जा रहा है और लोगों को निडर होकर मतदान करना चाहिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें