Site icon Dainik Savera Times

‘बिहार को अब लालटेन की जरूरत नहीं’, समस्तीपुर चुनावी रैली से पीएम मोदी ने RJD पर कसा तंज

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार के समस्तीपुर में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। चुनावी माहौल में उन्होंने राजद (RJD) और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। सभा के दौरान पीएम मोदी ने लोगों से कहा कि वे अपने मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाएं। जब पूरा मैदान रोशनी से जगमगा उठा, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “इतनी लाइटें जल रही हैं, तो बताइए क्या अब बिहार को लालटेन की जरूरत है? नहीं ना! बिहार अब आगे बढ़ चुका है, यहां लालटेन का ज़माना खत्म हो गया है।”

यह भी पढ़ें:  इस मशहूर एक्ट्रेस का निधन, मनोरंजन जगत और फैंस में शोक की लहर

अब बिहार डिजिटल युग में है: पीएम मोदी 

पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत में दुनिया का सबसे सस्ता इंटरनेट मिलता है। उन्होंने कहा, “एक कप चाय की कीमत में एक जीबी डेटा मिल जाता है। बिहार के युवा इसी इंटरनेट से ऑनलाइन काम कर रहे हैं और घर बैठे कमाई कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि मिथिला का इलाका खेती, मछलीपालन और पशुपालन के लिए जाना जाता है। पहले बिहार को मछली बाहर से मंगवानी पड़ती थी, लेकिन अब बिहार दूसरे राज्यों को मछली भेज रहा है, यह बदलाव एनडीए सरकार की नीतियों की वजह से हुआ है।

 

RJD और कांग्रेस पर तीखा हमला

प्रधानमंत्री ने कहा कि राजद और कांग्रेस की सोच हमेशा बिहार को पीछे खींचने वाली रही है। उन्होंने कहा, “ये लोग चुनाव में डराने-धमकाने का काम करते हैं। गोली-बंदूक की राजनीति चलाते हैं। आपको ऐसे जंगलराज वालों से सावधान रहना होगा। उनका डिब्बा गुम करना जरूरी है।”

पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने गरीबों के लिए मुफ्त गैस कनेक्शन, शौचालय निर्माण, और 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज जैसी योजनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बिहार की महिलाएं आज आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने कहा, “14 नवंबर के बाद जब फिर से एनडीए सरकार बनेगी, तब गरीब और ग्रामीण महिलाओं को रोजगार के लिए और ज्यादा मदद दी जाएगी। हमारी सरकार मैथिली भाषा और मिथिला कला को भी आगे बढ़ा रही है।”

यह भी पढ़ें:  बूंद-बूंद के लिए तरसेगा पाकिस्तान, भारत के बाद अब अफगानिस्तान ने लिया ये बड़ा फैसला

किसानों और युवाओं के लिए संदेश

पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार ने छोटे किसानों के लिए बैंक के दरवाजे खोले हैं। उन्होंने कहा, “किसान सम्मान निधि के जरिए बिहार के किसानों के खातों में अब तक 28 हजार करोड़ रुपये भेजे गए हैं। अगर जंगलराज की सरकार होती तो क्या आपका पैसा आपके खाते में पहुंचता? लालटेन और पंजे वाले सब खा जाते।” उन्होंने कहा कि राजद और कांग्रेस झूठे वादे करते हैं, लेकिन बिहार के लोग समझदार हैं। पीएम मोदी ने कहा, “यह आर्यभट्ट की धरती है, यहां का युवा हर गणित समझता है।”

“अब बिहार रुकने वाला नहीं”

पीएम मोदी ने एनडीए कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे छह और 11 नवंबर को वोटिंग में ज्यादा से ज्यादा संख्या में शामिल हों। पीएम मोदी ने कहा, “पहले मतदान, फिर जलपान इस बार बिहार में वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाना है। एनडीए के सभी दलों बीजेपी, जदयू, लोजपा, हम और रालोमो को मिलकर काम करना है।” उन्होंने कहा कि अब बिहार विकास की राह पर आगे बढ़ चुका है और कोई भी ताकत इसे रोक नहीं सकती।

Exit mobile version