नेशनल डेस्क : पटना से दिल्ली जा रही इंडिगो के विमान से अचानक से एक पक्षी टकरा जाने से विमान में तकनीकी खराबी आ गई। जिसके बाद विमान को वापस पटना एयरपोर्ट पर वापस लौटना पड़ा। इस विमान में कुल 175 यात्री सवार थे। मिली जानकारी के अनुसार सभी यात्री सुरक्षित है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
पक्षी टकराने से इंजन में खराबी
आपको बता दें कि बुधवार सुबह पटना एयरपोर्ट से दिल्ली जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद उसके एक इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। कारण था—पक्षी से टकराव (Bird Hit)। दरअसल, पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सुबह 8:42 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट IGO5009 को उड़ान के कुछ ही मिनटों बाद इंजन में कंपन की शिकायत मिली। जांच के दौरान रनवे पर एक मृत पक्षी भी मिला, जिससे यह साफ हुआ कि फ्लाइट के इंजन से पक्षी टकराया था।
पटना एयरपोर्ट हुई इमरजेंसी लैंडिंग
जैसे ही फ्लाइट में समस्या की जानकारी मिली, एप्रोच कंट्रोल यूनिट (Approach Control Unit) को इसकी सूचना दी गई। इंजन में कंपन की पुष्टि के बाद पायलट ने फ्लाइट को पटना एयरपोर्ट पर वापस लाने का फैसला किया। वहीं इस फ्लाइट में सवार सभी 175 यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। फ्लाइट को भारतीय समयानुसार सुबह 9:03 बजे रनवे 7 पर सुरक्षित उतार लिया गया। उस समय लोकल स्टैंड-बाय (Emergency Response) घोषित कर दिया गया था।
फ्लाइट को किया गया कैंसल, वैकल्पिक व्यवस्था
घटना के बाद इंडिगो ने फ्लाइट को कैंसल कर दिया है और यात्रियों को उनके गंतव्य दिल्ली तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक फ्लाइट या अन्य व्यवस्थाओं की तैयारी कर रही है। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि विमान की तकनीकी जांच-पड़ताल की जा रही है। वहीं अब पटना एयरपोर्ट का आधिकारिक बयान पटना एयरपोर्ट की ओर से जारी बयान में कहा गया: “पटना से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट में पक्षी टकराने की जानकारी मिली। रनवे पर निरीक्षण में पक्षी के मृत अवशेष मिले। सुरक्षा के मद्देनज़र फ्लाइट को वापस बुलाया गया।”
त्वरित कार्रवाई से टली बड़ी दुर्घटना
इस घटना ने यह साबित कर दिया कि पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोल की सूझबूझ और तेज़ी से लिए गए फैसले ने एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया। सभी यात्री सुरक्षित हैं और अब वैकल्पिक यात्रा की तैयारी चल रही है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...