Site icon Dainik Savera Times

kolkata Gangrape Case : CM पद से इस्तीफा दें ममता बनर्जी… कोलकाता गैंगरेप पर बोले संबित पात्रा

rahul-gandhi-is-the-biggest-traitor-of-the-country

rahul-gandhi-is-the-biggest-traitor-of-the-country

नई दिल्ली: कोलकाता के साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज में छात्रा के साथ हुए गैंगरेप मामले ने पूरे देश में आक्रोश पैदा कर दिया है। इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी टीएमसी पर तीखा हमला बोला है। भाजपा ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से माफी मागंने और सीएम पद से इस्तीफा देने की मांग कर डाली है।

भाजपा नेता संबित पात्रा का बयान
शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा कि जिस राज्य में एक महिला मुख्यमंत्री है, वहां महिलाओं के साथ ऐसी क्रूरता और असंवेदनशीलता बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा, “हम ममता बनर्जी से केवल स्पष्टीकरण नहीं मांग रहे हैं, हम चाहते हैं कि वो इस घटना पर माफी मांगें और मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दें।”

राज्य प्रायोजित अपराध का आरोप
संबित पात्रा ने दावा किया कि यह गैंगरेप केवल एक आपराधिक घटना नहीं है, बल्कि इसमें राजनीतिक साजिश भी है। उन्होंने कहा, “इस गैंगरेप में शामिल मुख्य आरोपी मोनोजीत मिश्रा टीएमसी की छात्र शाखा का सचिव रह चुका है। यह दिखाता है कि यह अपराध कहीं न कहीं राज्य की शह पर हुआ है।” भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि आरोपी मनोजीत मिश्रा की तस्वीरें टीएमसी नेताओं जैसे अभिषेक बनर्जी और चंद्रिमा भट्टाचार्य के साथ देखी जा सकती हैं। उन्होंने इसे “टीएमसी गुंडों की हरकत” करार दिया।

कल्याण बनर्जी के बयान पर नाराजगी
संबित पात्रा ने टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी के उस बयान पर भी कड़ी आपत्ति जताई जिसमें उन्होंने कहा था, “अगर कोई सहपाठी अपने दोस्त का बलात्कार करता है, तो इसमें क्या किया जा सकता है?” पात्रा ने कहा कि यह बयान बेहद गैर-जिम्मेदाराना और अमानवीय है।

भाजपा की जांच समिति गठित
संबित पात्रा ने बताया कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस घटना की जांच के लिए एक समिति बनाई है, जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री सतपाल सिंह, मीनाक्षी लेखी, सांसद बिप्लब देब और मनन मिश्रा शामिल हैं। यह टीम जल्द ही कोलकाता जाकर स्थिति का जायजा लेगी।

एक और गिरफ्तारी
इस मामले में शनिवार को एक और गिरफ्तारी हुई। पुलिस ने कॉलेज के गार्ड पिनाकी बनर्जी (55) को गिरफ्तार किया है। इससे पहले तीन आरोपी मोनोजीत मिश्रा (31), जैब अहमद (19), और प्रमित मुखोपाध्याय (20) को पहले ही पकड़ा जा चुका है। ये सभी आरोपी कॉलेज के पूर्व छात्र या कर्मचारी बताए जा रहे हैं।

Exit mobile version