नेशनल डेस्क: तेलंगाना में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बड़ा झटका लगा है। बीजेपी नेता और विधायक टी राजा सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। खबरों की मानें तो बीजेपी अध्यक्ष के तौर पर आलाकमान ने एन रामचंद्र राव के नाम पर सहमति जताई है। इससे नाराज होकर टी राजा सिंह ने अपना इस्तीफा देने का फैसला लिया है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष बंडी संजय कुमार को इस्तीफा भेज दिया है।
हिंदुत्व की सेवा जारी रखने का वादा
राजा सिंह ने इस्तीफा देते समय एक भावुक पत्र भी लिखा। उन्होंने लिखा, “भले ही मैं बीजेपी से अलग हो रहा हूं, लेकिन हिंदुत्व की विचारधारा, हमारे धर्म और गोशामहल के लोगों की सेवा के लिए हमेशा काम करता रहूंगा। मैं अपनी आवाज उठाता रहूंगा और हिंदू समाज के साथ मजबूती से खड़ा रहूंगा।”
कठिन लेकिन जरूरी फैसला
अपने पत्र में राजा सिंह ने लिखा, “यह फैसला मेरे लिए आसान नहीं था, लेकिन बहुत जरूरी था। पार्टी में कई लोग चुप हैं, लेकिन उनकी चुप्पी को मंज़ूरी मत समझिए। मैं यह कदम सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि उन हजारों कार्यकर्ताओं और वोटरों के लिए उठा रहा हूं जो बीजेपी के साथ आस्था से जुड़े थे और आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।”
इस फैसले पर दोबारा विचार करें
टी. राजा सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और बी.एल. संतोष से अपील करते हुए कहा, “तेलंगाना में बीजेपी के पास आगे बढ़ने का अच्छा मौका है, लेकिन इसके लिए हमें सही नेतृत्व का चुनाव करना होगा। मैं उनसे निवेदन करता हूं कि वे इस फैसले पर दोबारा विचार करें।” अपने पत्र का अंत राजा सिंह ने इन शब्दों से किया, “जय हिंद। जय श्री राम।”

