Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

BJP भारत की पसंदीदा पार्टी है, लोग फिर से इसे चुनेंगे : PM Modi

April 6, 2024

BJP भारत की पसंदीदा पार्टी है, लोग फिर से इसे चुनेंगे : PM Modi

नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 44वें स्थापना दिवस के मौके पर शनिवार को कहा कि भाजपा भारत की पसंदीदा पार्टी बन गई है और उन्होंने भरोसा जताया कि लोग पार्टी को केंद्र में एक और कार्यकाल के लिए चुनेंगे ताकि बीते एक दशक में विकसित भारत के लिए ‘‘तैयार की गई नींव को मजबूत किया’’ जा सके। पीएम मोदी ने भाजपा के सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि देश की युवाशक्ति भाजपा को एक ऐसी पार्टी के रूप में देखती है, जो उनके सपनों को साकार करने में सक्षम होने के साथ ही 21वीं सदी में भारत को मजबूत नेतृत्व देने की भी क्षमता रखती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा देश को भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, जातिवाद, सांप्रदायिकता और वोट बैंक की राजनीति से मुक्त करने के लिए संकल्पबद्ध है जबकि दशकों तक शासन करने वाले दलों ने इसी राजनीतिक संस्कृति को देश की पहचान बना दिया था। पीएम मोदी ने कहा कि नए भारत में स्वच्छ और पारदर्शी शासन होने से विकास का लाभ आज अंतिम पायदान पर खड़े गरीबों तक बिना किसी भेदभाव के पहुंच रहा है।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘केंद्र हो या राज्य, हमारी पार्टी ने सुशासन को नए सिरे से परिभाषित किया है। हमारी योजनाओं और नीतियों ने देश के गरीब और वंचित भाई-बहनों को एक नई ताकत दी है। जो लोग दशकों तक हाशिए पर रहे थे, उन्हें अपने लिए भाजपा में उम्मीद की बड़ी किरण दिखी। भाजपा उनकी सशक्त आवाज बनकर सामने आई।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा समग्र विकास के लिए काम किया है, जिससे हर देशवासी का जीवन आसान बना है।

पीएम मोदी ने कहा, कि ‘भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर देशभर के मेरे कर्मठ और परिश्रमी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं। आज भाजपा की उन सभी महान विभूतियों को नमन करने का दिन है, जिन्होंने वर्षों की अपनी कड़ी मेहनत, संघर्ष और त्याग से पार्टी को सींचकर इस ऊंचाई तक पहुंचाया है। मैं आज पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि भाजपा देश की सबसे पसंदीदा पार्टी है, जो ‘राष्ट्र प्रथम’ के मंत्र के साथ जन-जन की सेवा में जुटी है।’’ उन्होंने कहा कि यह सभी के लिए गौरव की बात है कि भाजपा अपने विकासवादी दृष्टिकोण, सुशासन और राष्ट्रवादी मूल्यों के प्रति हमेशा सर्मिपत रही है।

पीएम मोदी के नेतृत्व में पार्टी ने पिछले दशक में लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों में अप्रत्याशित सफलता हासिल की है। मोदी ने कहा, ‘‘भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति इसके कार्यकर्ता हैं, जो 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं को पूरा करने में दिन-रात जुटे रहते हैं। देश की युवाशक्ति भाजपा को एक ऐसी पार्टी के रूप में देखती है, जो उनके सपनों को साकार करने के साथ ही 21वीं सदी में भारत को मजबूत नेतृत्व देने में सक्षम है।’’ प्रधानमंत्री ने कहा, कि ‘हमें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का अभिन्न अंग होने पर भी गर्व है, क्योंकि यह गठबंधन देश की प्रगति और क्षेत्रीय आकांक्षाओं को साथ लेकर भारत को आगे ले जाने में विश्वास रखता है। राजग एक ऐसा गठबंधन है, जो देश की विविधता के खूबसूरत रंगों से सजा है। हमारी यह साझेदारी बहुत महत्वपूर्ण है और मुझे पक्का विश्वास है कि आने वाले समय में हमारा यह गठबंधन और भी मजबूत होगा।’’

पीएम मोदी ने आगामी आम चुनाव का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘देश की जनता-जनार्दन एक नई लोकसभा चुनने को पूरी तरह से तैयार है। मैं आश्वस्त हूं कि देशभर के मेरे परिवारजन हमें एक और कार्यकाल का आशीर्वाद देने जा रहे हैं, ताकि बीते एक दशक में विकसित भारत के लिए जो नींव तैयार की गई है, उसे नई मजबूती दी जा सके।’’ भाजपा की स्थापना 1980 में पूर्ववर्ती भारतीय जनसंघ के नेताओं ने की थी। भारतीय जनसंघ ने आपातकाल के बाद 1977 के चुनावों में कांग्रेस से मुकाबला करने के लिए जनता पार्टी बनाने के लिए अन्य विपक्षी दलों के साथ विलय कर लिया था। भाजपा ने 1984 में लड़े गए अपने पहले राष्ट्रीय चुनाव में केवल दो लोकसभा सीट जीती थीं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें