Site icon Dainik Savera Times

‘BJP और JDS लाशों पर राजनीति कर रहे’, बेंगलुरू भगदड़ पर बोले डिप्टी CM डीके शिवकुमार

नेशनल डेस्क: बेंगलुरु में हुए भगदड़ हादसे को लेकर सियासत तेज हो गई है। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने पहली बार इस मुद्दे पर मीडिया से बात करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जनता दल सेक्युलर (JDS) पर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष “लाशों पर राजनीति” कर रहा है, जबकि सरकार इस घटना से आहत है और लोगों के दुख में साथ खड़ी है।

क्या हुआ था हादसे में?
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु में आईपीएल टीम RCB (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) की जीत के जश्न के लिए भारी भीड़ जमा हो गई थी। लगभग 3 लाख लोग स्टेडियम के बाहर इकट्ठा हुए थे। भगदड़ मचने से 11 लोगों की मौत हो गई और 30 से ज्यादा लोग घायल हुए।

डिप्टी सीएम का बयान
शिवकुमार ने कहा, “हम इस दुखद घटना से बहुत आहत हैं। यह अप्रत्याशित था। हम किसी पर आरोप नहीं लगा रहे, बल्कि सबक ले रहे हैं।” उन्होंने कहा, “BJP और JDS इस मौके पर भी राजनीति कर रहे हैं, जो गलत है। मैंने खुद बच्चों को रोते हुए देखा, उनका दर्द महसूस किया।”

JDS नेता कुमारस्वामी पर हमला
शिवकुमार ने केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी पर तीखा हमला करते हुए कहा, “कुमारस्वामी की राजनीति सिर्फ मौतों पर आधारित होती है। मैं उनकी तरह नहीं, बल्कि संवेदनशील तरीके से काम करना चाहता हूं।”

सरकार ने क्या किया?
शिवकुमार ने बताया कि जैसे ही घटना की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत कार्यक्रम रद्द करने और लोगों को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, “हमें किसी घोषणा की भी अनुमति नहीं दी गई, सब कुछ बहुत तेजी से हुआ।” उन्होंने ने कहा, “RCB ने मीडिया के जरिए बताया कि वे परेड करेंगे, सरकार के पास उसे अनुमति देने के अलावा कोई विकल्प नहीं था।”

विपक्ष का पलटवार
कुमारस्वामी ने कहा कि यह हादसा डिप्टी सीएम की “अधीरता, गैरजिम्मेदारी और अपरिपक्वता” की वजह से हुआ है। उन्होंने शिवकुमार को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग की है।

कोर्ट ने लिया संज्ञान
कर्नाटक हाईकोर्ट ने इस हादसे पर स्वत: संज्ञान (Suo Moto) लिया है और जनहित याचिका पर आज सुनवाई करेगा।

 

Exit mobile version